![]()
कटिहार के रौतारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम गोविंदपुर स्थित एक फार्म हाउस में छापेमारी कर पंजाब के दो संदिग्ध अपराधियों को अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को रौतारा थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि गोविंदपुर के एक फार्म हाउस में कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दो व्यक्ति पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरू साहिब सिंह (45 वर्ष), पिता स्व. सुरजन सिंह और विक्रमजीत सिंह (34 वर्ष), पिता बलकार सिंह के रूप में हुई है। दोनों तरनतारन (पंजाब) जिले के राम सिंहवाला, थाना पट्टी के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, 22 जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस संबंध में रौतारा थाना में मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों किस उद्देश्य से कटिहार आए थे तथा उनके अन्य साथियों की संलिप्तता तो नहीं है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Source link
कटिहार में पंजाब के दो बदमाश गिरफ्तार:हथियार और 22 कारतूस के साथ आपराधिक साजिश नाकाम
