Headlines

कासगंज ऑनलाइन प्रमाणपत्र निस्तारण में प्रदेश में पहले नंबर पर:ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं में 97.27% निस्तारण दर के साथ फिर अव्वल




कासगंज ने ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर ऑनलाइन प्रमाणपत्र आवेदनों के निस्तारण में जुलाई 2026 में पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले की निस्तारण दर 97.27 प्रतिशत रही, जो प्रदेश के सभी जनपदों में सर्वाधिक है। यह उपलब्धि ई-गवर्नेंस और नागरिक सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अंसुल माहेश्वरी ने बताया कि जुलाई 2026 में कासगंज में कुल 24,083 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 23,425 आवेदनों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया, जिनमें 21,667 आवेदन स्वीकृत हुए। इस प्रकार, जिले की कुल निस्तारण दर 97.27 प्रतिशत दर्ज की गई। ई-डिस्ट्रिक्ट उत्तर प्रदेश शासन की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है। इसके माध्यम से नागरिक आय, जाति, निवास और अन्य विभिन्न प्रमाणपत्रों एवं सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह व्यवस्था नागरिकों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाती है, जिससे सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित होती है। घर बैठे ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल रहा जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर सभी संबंधित विभागों, तहसील स्तरीय अधिकारियों, ई-डिस्ट्रिक्ट टीम और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, सतत निगरानी और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और दक्षता के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इससे समय और संसाधनों की बचत होने के साथ-साथ शासन और जनता के बीच सेवा वितरण प्रणाली और अधिक सरल, पारदर्शी तथा प्रभावी बन रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *