Headlines

दनुआ घाटी में नौ वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दो चालक घायल:NH-19 पर लगा घंटों जाम, यात्रियों को भारी परेशानी का करना पड़ा सामना




हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) की दनुआ घाटी में लगातार तीन सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में कुल नौ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और दो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटनाओं के कारण एनएच-19 पर कई घंटों तक लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घायल चालकों की पहचान असलम अली और सादाब के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि इन दुर्घटनाओं में किसी की मृत्यु की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना और चोरदाहा पिकेट की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने के लिए अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया जा सका और वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ। चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि अब तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। उन्होंने सभी वाहन चालकों और आम लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से घाटी क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ओवरटेकिंग से बचने पर जोर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दनुआ घाटी का भौगोलिक स्वरूप दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है। घाटी में तीखी चढ़ाई और तेज ढलान के कारण भारी वाहनों का संतुलन अक्सर बिगड़ जाता है। बरसात में सड़क फिसलन भरी होने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा उपाय, चेतावनी संकेतक, गति नियंत्रण व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *