Headlines

चंबा में CM सुक्खू बारिश प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे:मिंजर मेले के समापन समारोह में होंगे शामिल; राहत कार्यों का लिया जायजा




मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार शाम चंबा पहुंचे। उन्होंने शीतला ब्रिज के पास भूस्खलन से हुए नुकसान का निरीक्षण किया और अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर के राणा मोहल्ला का दौरा कर बारिश और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। हाल ही में चंबा जिले में फ्लैश फ्लड और भारी बारिश के कारण व्यापक तबाही हुई है। अचानक आई बाढ़ और मलबे से 50 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करना पड़ा। सोमवार रात हुई भारी बारिश से कसाकड़ा मोहल्ला, सुराड़ा मोहल्ला, सुल्तानपुर, ओबड़ी, घोल्टी, सरोल, तड़ोली और उदयपुर सहित कई क्षेत्रों में भारी नुकसान दर्ज किया गया था। सुल्तानपुर हेलीपोर्ट के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर हेलीपोर्ट के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिसंबर 2026 तक इस परियोजना को पूरा करने के निर्देश दिए। रविवार को मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर वे सरोल मेडिकल कॉलेज में 200 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री दंगल प्रतियोगिता, मिंजर विसर्जन और मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में भी शामिल होंगे। भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों के मामलों में होगी कार्रवाई चंबा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों से जुड़े मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और कानून अपना कार्य करेगा। यह बयान जयराम ठाकुर के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें उन्होंने सरकार पर आलोचना करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज कराने का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। रविवार को मिंजर मेले के समापन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *