Headlines

सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी ने सुनी जनसमस्याएं:बोले-नरवाना को बनाएंगे प्रदेश का अव्वल क्षेत्र, विकास कार्यों को टाइम से पूरा करने पर जोर




हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने नरवाना को विकास के मामले में प्रदेश का अग्रणी क्षेत्र बनाने का लक्ष्य दोहराया है। शनिवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसुनवाई के दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री बेदी ने कहा कि नरवाना उनके लिए सिर्फ विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर है। उन्होंने क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक का सम्मान करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने को अपना व्यक्तिगत दायित्व बताया। इसी भावना के साथ वे जनता के बीच रहकर विकास कार्यों को गति दे रहे हैं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों से मंत्री ने मुलाकात की। उन्होंने लोगों का कुशलक्षेम जाना, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंचायत प्रतिनिधियों के साथ की मीटिंग इस अवसर पर बेदी ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। उन्होंने विभिन्न गांवों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही, जिन विकास कार्यों की प्रक्रिया लंबित है, उन्हें विभागीय औपचारिकताएं पूरी कर जल्द शुरू कराया जाए। कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि उनका सपना है कि नरवाना विकास के मामले में हरियाणा के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल हो। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विकास परियोजनाएं समय पर पूरी होंगी और जनता को उनका पूरा लाभ मिलेगा। टेल तक पानी पहुंचाने के प्रयास कर रही सरकार : बेदी मानसून को लेकर मंत्री ने कहा कि किसानों को धान की सिंचाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अच्छी बारिश की कामना करते हुए बताया कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेशभर में नहरी पानी टेल तक समान रूप से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में मार्केट कमेटी चेयरमैन अमित ढाकल, उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश सैनी, मंडल अध्यक्ष सत्यवान शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *