![]()
बिजनौर के कादराबाद स्थित खुशालपुर गांव में शनिवार रात गुलदार के हमले से ग्रामीण चिंतित हैं। गुलदार एक पालतू कुत्ते को मारकर अपने साथ जंगल में ले गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। यह घटना रात करीब 12 बजे हुई, जब चक्की के पास बंधे कुत्ते के चीखने की आवाज आई। चक्की मालिक इंद्रपाल जब तक बाहर निकले, तब तक गुलदार कुत्ते को दबोचकर झाड़ियों की तरफ भाग चुका था। जिससे लोगों में डर का माहौल है। देखिए घटना से जुड़ी तीन तस्वीरें… रविवार सुबह इंद्रपाल ने चक्की पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इसमें गुलदार कुत्ते पर हमला कर उसे खींचते हुए ले जाता साफ दिखाई दिया। चक्की के पीछे जमीन पर खून के निशान और गुलदार के पंजों के निशान भी मिले हैं। ग्रामीण रामपाल और सुरेश ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से रात में गुलदार के दिखने की चर्चा थी। कुत्ते पर हुए इस हमले के बाद अब लोगों को अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से खुशालपुर और आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने और रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है। वन दरोगा सतवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। पंजों के निशान और फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। सतवीर सिंह ने ग्रामीणों से रात में अकेले बाहर न निकलने और सतर्कता बरतने की अपील भी की।
Source link
बिजनौर में गुलदार ने घर के बाहर से कुत्ता उठाया:खुशालपुर के ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त की मांग की
