Headlines

दरभंगा में हड़ताल पर 1500 सफाईकर्मी:चौथे दिन भी शहर में नहीं उठा कूड़ा, गंदगी का लगा अंबार; डिमांड पूरी नहीं पर उग्र आंदोलन की चेतावनी




दरभंगा में नगर निगम के सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को लगातार चौथे दिन भी जारी है। करीब 1500 सफाई कर्मी निगम परिसर में धरने पर बैठे रहे और अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘समान काम, समान वेतन लागू करो’, ‘नगर विकास मंत्री होश में आओ’ और ‘सरकार हमारी मांगें पूरी करो’ जैसे नारे लगाए। हड़ताल का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ा है। नगर निगम क्षेत्र से प्रतिदिन उठने वाला करीब 10 टन कचरा पिछले चार दिनों से नहीं उठ सका है। चौक-चौराहों और मोहल्लों में कचरे का ढेर लग गया है। जिससे तेज दुर्गंध आ रही है। संक्रामक बीमारियों की आशंका बढ़ गई है। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक हड़ताल वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से दैनिक, संविदा और आउटसोर्स कर्मी बेहद कम वेतन एवं असुरक्षित सेवा शर्तों के बीच काम कर रहे हैं, जबकि उन्हें स्थायी कर्मियों जैसी सुविधाएं नहीं मिलती है। पूरे जिले में हड़ताल का असर हड़ताल केवल दरभंगा नगर निगम तक सीमित नहीं है। भरवाड़ा, सिंहवाड़ा, जाले, हायाघाट, कुशेश्वरस्थान, बिरौल, घनश्यामपुर, बहेड़ी और बेनीपुर नगर पंचायतों में भी सफाई कार्य ठप है। जगह-जगह कचरे का अंबार लगने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। भरवाड़ा में अनोखा विरोध शनिवार को सिंहवाड़ा प्रखंड के भरवाड़ा नगर पंचायत में प्रदर्शनकारी सफाई कर्मियों ने विरोध जताने के लिए कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय परिसर में सड़ी हुई मछलियां और गीला कचरा फेंक दिया। इससे इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हुई। कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश दयाल लाल ने कहा कि कर्मचारियों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखनी चाहिए। कई मांगें राज्य सरकार से जुड़ी हैं, जिनका समाधान स्थानीय स्तर पर संभव नहीं है। प्रशासन के हस्तक्षेप और डायल-112 पुलिस टीम की मौजूदगी में बाद में कर्मचारियों ने स्वयं कार्यालय परिसर की सफाई की। इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *