Headlines

चतरा में अवैध शराब का बड़ा खेल बेनकाब:पुलिस से बचने के चक्कर में पलटा ट्रक, भूसे के नीचे छिपी लाखों की शराब सड़क पर बिखरी




चतरा में अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। चतरा-गया डोभी मुख्य मार्ग स्थित संघरी घाटी में संदिग्ध ट्रक पलटने से भूसे की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही लाखों रुपए की विदेशी शराब सड़क पर बिखर गई। जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस को ट्रक की गतिविधि पर शक हुआ। जिसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया। पुलिस से बचने के लिए चालक ने ट्रक की रफ्तार तेज कर दी, लेकिन संघरी घाटी में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर भूसे के बोरे फैल गए। भूसे के नीचे छिपी थीं शराब की पेटियां ट्रक पलटने के बाद जब भूसे के बोरे फटे तो उनके अंदर से हरियाणा लेबल वाली ‘रॉयल चैलेंज’ अंग्रेजी शराब की भारी मात्रा बाहर आ गई। सड़क पर महंगी शराब की बोतलें बिखरते ही वहां से गुजर रहे लोग मौके का फायदा उठाने लगे और पेटियां व बोतलें उठाकर भागने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जुट गई और कुछ ही देर में कई बोतलें गायब हो गईं। इस घटना ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा किया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने जब्त की बची खेप सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अनिल कुमार उरांव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को हटाकर बची हुई शराब को जब्त किया। हालांकि, हादसे का फायदा उठाकर ट्रक का चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जब्त शराब की गिनती की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि भूसे की आड़ में बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी की जा रही थी। यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का जल्द खुलासा किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *