Headlines

श्रावस्ती के बाबा विभूतिनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब:सावन के पहले सोमवार पर तड़के 3 बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक




श्रावस्ती में सावन के पहले सोमवार पर जिले के प्रसिद्ध पांडवकालीन बाबा विभूतिनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार सुबह तीन बजे से मंदिर में जलाभिषेक का क्रम शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। नेपाल समेत आसपास के कई जिलों से आए कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालु एक दिन पहले ही सीताद्वार स्थित सीता सरोवर, जंगलदास कुट्टी और अन्य पवित्र स्थलों से जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे। रविवार देर रात 11 बजे से ही कांवड़ियों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। पूरी रात और सोमवार सुबह तक भक्त कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करते रहे। मंदिर परिसर पूरे दिन ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंजता रहा। गिलौला क्षेत्र स्थित बाबा झारखंडी नाथ मंदिर में भी सुबह चार बजे से जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा। जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। जिले के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सावन के प्रत्येक सोमवार को लगने वाले मेले को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के बीच रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार करने, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा भीड़ बढ़ने की स्थिति में बैरिकेडिंग, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने के भी आदेश दिए गए हैं। श्रावस्ती पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जलाभिषेक के दौरान निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या आपातकालीन सेवा 112 पर देने की भी अपील की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *