![]()
सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सब-इंस्पेक्टर पूरन सिंह 39 वर्षों की निष्ठापूर्वक सेवा के बाद सेवानिवृत्त होकर अपने गृह नगर पवई लौटे। उनके प्रथम नगर आगमन पर क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप और देशभक्ति गीतों के बीच एक विशाल स्वागत जुलूस निकाला गया। सेवानिवृत्त सैनिक के सम्मान में आयोजित यह जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जुलूस में शामिल सब-इंस्पेक्टर पूरन सिंह पर जगह-जगह नगरवासियों और व्यापारियों ने मंच बनाकर पुष्पवर्षा की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक, उनके परिजन और युवा वर्ग हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते नजर आए। कई राज्यों में दी सेवाएं अपने 39 साल के लंबे कार्यकाल को याद करते हुए पूरन सिंह ने बताया कि उन्होंने देश की सबसे कठिन सीमाओं पर तैनात रहकर जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने पूर्वोत्तर के राज्य असम, मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय के संवेदनशील क्षेत्रों के साथ-साथ पंजाब, गुजरात और राजस्थान की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर विपरीत परिस्थितियों में भी मुस्तैदी से सेवा दी। समारोह के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए सब-इंस्पेक्टर पूरन सिंह ने नगरवासियों का आभार जताया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “39 वर्षों तक मातृभूमि की रक्षा करने का अवसर मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। देश सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और प्रत्येक नागरिक को अपने स्तर पर राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए।”
Source link
BSF सब-इंस्पेक्टर पूरन सिंह 39 साल बाद सेवानिवृत्त:पवई में अभिनंदन, पूर्वोत्तर से राजस्थान तक दी सेवा
