कोंडागांव के युवा समाजसेवी शिवचरण साहू को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान-2026’ से नवाजा गया है। यह सम्मान हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।
.
कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और मंत्री गुरु सुखवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने शिवचरण साहू को प्रशस्ति पत्र, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस सम्मान से कोंडागांव जिले में खुशी का माहौल है और इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
शिवचरण साहू लंबे समय से अपनी इंद्रधनुष टीम के साथ शिक्षा, सामाजिक उत्थान, स्वास्थ्य सहायता और जरूरतमंदों की सेवा के लिए सक्रिय हैं।

60 बार रक्तदान और जनसेवा के लिए सम्मान
रक्तदान के क्षेत्र में उनका योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय है। वे अब तक 60 बार निशुल्क रक्तदान कर चुके हैं और लोगों को इसके लिए लगातार प्रेरित करते रहे हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने चिकित्सीय शिक्षा और मानव सेवा के उद्देश्य से मरणोपरांत देहदान का भी संकल्प लिया है, जो समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण है।
हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की राज्य स्तरीय चयन समिति ने सामाजिक सेवा के प्रति उनके समर्पण, मानवतावादी सोच और बस्तर अंचल में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना।

शिवचरण साहू बोले- समाज के सहयोग से मिला यह सम्मान
सम्मान प्राप्त करने के बाद शिवचरण साहू ने कहा कि वे समाज के प्रति अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय समाज, अपनी इंद्रधनुष टीम और मीडिया को दिया। साहू ने कहा कि मीडिया के सहयोग और समाज के विश्वास ने उन्हें इस सम्मान के योग्य बनाया है।
इस अवसर पर इंद्रधनुष टीम के सदस्य नीरज ठाकुर, हीरालाल चूरेन्द्र और हीना साहू भी उपस्थित थे। शिवचरण साहू का यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि कोंडागांव और पूरे बस्तर क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है।
