Headlines

सड़क हादसे में यूपीएसएसएफ जवान की मौत:श्रावस्ती एयरपोर्ट के बाहर ड्यूटी के दौरान दूध लेने जा रहे थे, दो युवक घायल




श्रावस्ती के कटरा एयरपोर्ट मुख्य गेट के सामने सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में यूपी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (यूपीएसएसएफ) के जवान चंदन कुमार (30) की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अंबेडकरनगर जिले के कटका थाना क्षेत्र के एकडल्ला गांव निवासी चंदन कुमार यूपीएसएसएफ में आरक्षी के पद पर तैनात थे और इन दिनों श्रावस्ती एयरपोर्ट की सुरक्षा ड्यूटी पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच वह दूध लेने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान गोंडा के पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर से जलाभिषेक कर इकौना लौट रहे बाइक सवार युवकों की बाइक उनसे टकरा गई। जवान की मौके पर मौत, एक युवक रेफर टक्कर इतनी तेज थी कि चंदन कुमार और बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना ले गई, जहां डॉक्टरों ने चंदन कुमार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल 17 वर्षीय शरद गुप्ता की गंभीर हालत को देखते हुए उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया, जबकि दूसरे घायल अनमोल का इलाज सीएचसी इकौना में चल रहा है। रील बनाने की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि एयरपोर्ट के एक कर्मचारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर दावा किया कि बाइक सवार युवक मोबाइल से रील बनाते हुए वाहन चला रहे थे, जिसके कारण हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है। पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज मृतक जवान की पत्नी रेखा देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *