पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाला:महिला का आरोप-जान से मारने की धमकी दी; पेंड्रा पुलिस ने जीरो FIR दर्ज कर शहडोल भेजा




छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के पेंड्रा की रहने वाली 35 वर्षीय शबनम बी ने अपने पति समीर खान पर तीन तलाक देकर घर से निकालने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने जीरो FIR दर्ज कर मामला आगे की कार्रवाई के लिए शहडोल पुलिस को भेज दिया है। शबनम बी की शादी 26 अप्रैल 2010 को शहडोल के समीर खान से हुई थी। दोनों की एक 13 साल की बेटी भी है। महिला ने शिकायत में बताया कि 9 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे शहडोल स्थित ससुराल में पति ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए तीन बार ‘तलाक’ कहकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। महिला के मुताबिक, घटना के समय पड़ोसी अशरफ खान समेत कुछ लोग वहां मौजूद थे। उन्होंने बीच-बचाव भी किया। डर के कारण मायके आ गई महिला घटना के बाद शबनम घबराकर अपने मायके पेंड्रा लौट आई। सामाजिक बदनामी के डर से उसने शुरुआत में किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। बाद में उसने अपने जीजा अब्दुल सलाम को पूरी बात बताई। शबनम के जीजा ने फोन पर समीर से बात की। महिला का दावा है कि इस बातचीत में पति ने तीन तलाक देने की बात स्वीकार की। इस बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी उसके पास होने की बात कही गई है। पेंड्रा पुलिस ने दर्ज की जीरो FIR महिला का मायका पेंड्रा में होने के कारण उसने पेंड्रा थाने में शिकायत की। हालांकि घटना शहडोल में हुई थी, इसलिए पेंड्रा पुलिस ने जीरो FIR दर्ज कर केस डायरी शहडोल पुलिस को भेज दी है। अब शहडोल पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। पुलिस ने BNS की धारा 296, 351(3) और मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *