Headlines

नर्मदापुरम में 25 साल बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार:महाराष्ट्र में ठेकेदार बनकर पहुंची पुलिस, मजदूर मांगने के बहाने दबोचा




नर्मदापुरम में हत्या के बाद 25 साल तक पुलिस को चकमा देता रहा आरोपी आखिरकार गिरफ्तार हो गया। पथरौटा थाना पुलिस ने महाराष्ट्र के जलगांव में ठेकेदार बनकर सिविल ड्रेस में ऑपरेशन चलाया। पुलिसकर्मियों ने पहले उससे मजदूर उपलब्ध कराने की बात की। जैसे ही आरोपी बातचीत के लिए पहुंचा, टीम ने उसे दबोच लिया और अपनी पहचान बताई। आरोपी को 2001 में हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार कर नर्मदापुरम लाया गया है। हत्या के बाद रेलवे पुलिया के पास फेंक दी थी लाश पथरौटा थाना प्रभारी मोनिका गौर ने बताया कि आरोपी राजाराम पिता बारेलाल (50) बैतूल जिले के डाबरी बीजादेही गांव का रहने वाला है। जून 2001 में इटारसी निवासी देवीप्रसाद उर्फ गोटू उईके (33) नजरपुर गांव कच्ची शराब लेने गया था। उसी दौरान ससुराल आए राजाराम से उसका विवाद हुआ। झगड़े में देवीप्रसाद की मौत हो गई। आरोपी शव को रेलवे लाइन की पुलिया के नीचे फेंककर फरार हो गया। जीआरपी से पथरौटा थाने पहुंचा था मामला शव मिलने के बाद पहले जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। बाद में घटनास्थल पथरौटा थाना क्षेत्र का होने के कारण केस डायरी स्थानीय पुलिस को सौंप दी गई, जहां हत्या का मामला दर्ज किया गया। 25 साल तक हर बार पुलिस को देता रहा चकमा पुलिस के मुताबिक आरोपी को पकड़ने के लिए पिछले 25 वर्षों में कई बार दबिश दी गई, लेकिन हर बार वह फरार हो जाता था। लगातार ठिकाने बदलने के कारण वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा। महाराष्ट्र में मजदूरी से ठेकेदारी तक पहुंचा हत्या के बाद आरोपी महाराष्ट्र चला गया। शुरुआती वर्षों में उसने मजदूरी की, फिर मजदूर उपलब्ध कराने का काम शुरू कर दिया। वर्तमान में वह जलगांव के एक स्कूल में चौकीदार के रूप में काम कर रहा था। मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग, ठेकेदार बनकर पहुंची टीम पुलिस ने परिजनों से आरोपी का हुलिया, फोटो और मोबाइल नंबर जुटाया। साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन महाराष्ट्र के जलगांव जिले में मिली। इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक कल्लू सिंह धुर्वे और प्रधान आरक्षक दिनेश उईके सिविल ड्रेस में वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को ठेकेदार बताते हुए मजदूर उपलब्ध कराने की बात की। जैसे ही राजाराम बातचीत के लिए आया, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में किया जाएगा पेश पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पथरौटा थाने ले आई है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। करीब ढाई दशक पुराने इस हत्याकांड में अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *