![]()
इंदौर की विजय नगर पुलिस ओम साईं राम रेस्टोरेंट में हुई आगजनी की घटना का खुलासा किया है। आरोपी ने पुराने विवाद के चलते पेट्रोल छिड़ककर रेस्टोरेंट में आग लगाई थी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, कृष्णबाग कॉलोनी निवासी नीरज साहू के ओम साईं राम रेस्टोरेंट में 11 जून की रात आगजनी की घटना हुई थी। मामले की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इनमें श्रद्धा श्री कॉलोनी निवासी वरुण तेवरी घटना के बाद रेस्टोरेंट से जाते हुए दिखाई दिया। घटना के पांच दिन बाद नीरज साहू ने पुलिस को बताया कि उसका पहले वरुण तेवरी से विवाद हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में वरुण ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि पुराने विवाद का बदला लेने के लिए वह रात में रेस्टोरेंट पहुंचा। उसने शटर उठाकर रेस्टोरेंट के अंदर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
Source link
पुराने विवाद का बदला लेने रेस्टोरेंट में लगाई थी आग:इंदौर में पेट्रोल छिड़ककर वारदात को दिया अंजाम, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी गिरफ्तार
