![]()
हाथरस के उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पाण्डेय पक्ष) ने मंगलवार को शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन भेजा। यह ज्ञापन प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक, हाथरस के माध्यम से प्रेषित किया गया। जिलाध्यक्ष शिवशंकर गुप्ता और जिला मंत्री डॉ. पंकज कुमार जैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षकों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। इनमें पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली, प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक पदों पर तदर्थ पदोन्नति तथा माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम-1982 की धाराओं 12, 18 और 21 को पुनः लागू करने की मांग प्रमुख रही। संघ ने वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें सम्मानजनक मानदेय दिए जाने की भी मांग की। इसके अलावा वर्ष 2000 से पहले और बाद में नियुक्त तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। शिक्षक संघ का कहना है कि इन मांगों के पूरा होने से शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा और शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राधेश्याम वार्ष्णेय ‘हिमांशु’, समन्वयक प्राचार्य डॉ. दीपक जैन, उपाध्यक्ष डॉ. गोपाल प्रसाद, डी.पी. सिंह, मुदित जैन सहित संघ के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
Source link
हाथरस में माध्यमिक शिक्षक संघ ने सीएम को भेजा ज्ञापन:पुरानी पेंशन बहाली समेत कई मांगें रखीं, समस्याओं के समाधान की मांग
