Headlines

मोगा में छात्र को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत:चालक के नशे में होने के और पुलिस पर साक्ष्य मिटाने का आरोप, कार्रवाई को लेकर लोगों ने थाना घेरा




कहते हैं कि माता-पिता के लिए अपने सामने औलाद की अर्थी उठाने से बड़ा कोई दुख नहीं होता। मोगा जिले के गांव चड़िक में शनिवार को एक ऐसा ही हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को शोक के समंदर में डुबो दिया। 17 वर्षीय मासूम गुरप्रीत सिंह सुबह घर से हंसते-खेलते स्कूल गया था, लेकिन किसे पता था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। स्कूल से घर लौटते समय तेज रफ्तार सीमेंट मिक्सर ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घर का चिराग बुझने से जहां परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं इस हादसे ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। लोगों ने चालक पर नशे में होने का आरोप लगा कर परिजनों और लोगों ने कार्रवाई ने थाने का घेराव किया। थाने पहुंचे लोगों का कहना है कि मिक्सर ट्रक चालक काफी नशे में था। उसने नशे होने के कारण ही बच्चे को कुचला है। पुलिस पर साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने का दावा हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक और वाहन को हिरासत में तो ले लिया, लेकिन इसके बाद परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर सनसनीखेज और गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस कर्मचारियों ने ट्रक मालिक के साथ मिलीभगत कर ट्रक में भरा सीमेंट खाली करवा दिया, जो साक्ष्यों से सीधी छेड़छाड़ है। इस बात की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। थाना चड़िक का किया घेराव, थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग पुलिस की कथित पक्षपातपूर्ण कार्रवाई से भड़के सैकड़ों ग्रामीणों और परिजनों ने शिरोमणि अकाली दल मोगा के हलका इंचार्ज संजीत सिंह सन्नी गिल की अगुवाई में थाना चड़िक के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और थाने का घेराव कर लिया। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले में ढिलाई बरतने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने वाले संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। पारिवारिक दर्द और निष्पक्ष जांच की गुहार धरने के दौरान शिरोमणि अकाली दल के नेता संजीत सिंह सन्नी गिल ने भावुक होते हुए कहा, “इस बदनसीब परिवार ने अपना इकलौता बेटा खोया है, जिसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता। लेकिन बड़े दुख की बात है कि इंसाफ दिलाने की जगह पुलिस प्रशासन ट्रक मालिक का पक्ष लेता हुआ दिखाई दे रहा है।” उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पीड़ित परिवार को पूरा न्याय नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। डीएसपी जतिंदर सिंह ने दिया निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन स्थिति बिगड़ती देख डीएसपी जतिंदर सिंह खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने रोष व्यक्त कर रहे परिजनों के बयान दर्ज किए और उन्हें शांत करवाया। डीएसपी ने आश्वासन दिया कि जांच में यदि किसी भी पुलिस कर्मचारी की लापरवाही या मिलीभगत पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीए लीगल (DA Legal) की राय लेकर कानून के तहत पूरी निष्पक्षता से आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *