![]()
शहर में सड़कों पर घूम रहे मवेशियों के कारण हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। मंगलवार शाम को मवेशी से टकराने से स्कूटी सवार दो पूर्व पार्षद प्रतिनिधि घायल हो गए। हादसे में दोनों के हाथ-पैर में चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 30 के पूर्व पार्षद प्रतिनिधि मोहसीन खत्री और वार्ड संख्या 36 के पार्षद प्रतिनिधि शहजाद शेख मंगलवार को सामाजिक समारोह में शामिल होने के लिए सुमेरपुर रोड स्थित कालू कॉलोनी गए थे। वहां से वापस शहर की ओर लौटते समय कालू कॉलोनी से मुख्य सड़क पर आते ही उनकी स्कूटी सामने लड़ रहे मवेशियों से टकरा गई। हादसे में दोनों स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। उनके हाथ-पैर में चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। शहजाद शेख के हाथ में तीन टांके आए। शहजाद शेख ने बताया कि शहर की प्रमुख सड़कों और कॉलोनियों में जगह-जगह मवेशियों का जमावड़ा रहता है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों को इस समस्या से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
Source link
मवेशी की टक्कर से दो पूर्व पार्षद प्रतिनिधि घायल:पाली के सुमेरपुर रोड पर हादसा, हाथ-पैर में आई चोटें
