Headlines

जबलपुर में जन्में थे अभिनेता प्रदीप रावत:लंबी बीमारी के बाद मुबंई में हुआ निधन,फिल्म जगत में शोक




जबलपुर में जन्में अभिनेता प्रदीप रावत अब हमारे बीच नहीं रहे। हिन्दी, तेलुगु, तमिल और नेपाली सिनेमा के चर्चित अभिनेता प्रदीप सिंह रावत का मंगलवार शाम को निधन हो गया, वे 74 वर्ष के थे। लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे रावत ने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म और टेलीविजन जगत में शोक की लहर है। प्रदीप रावत की पहचान गजनी फिल्म से बनी थी। इस फिल्म में उन्होंने गजनी का किरदार निभाया था। प्रदीप रावत का जन्म मध्यप्रदेश के जबलपुर में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा और कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एक बैंक में नौकरी शुरू की, लेकिन अभिनय के प्रति गहरा जुनून उन्हें मायानगरी मुंबई ले गया। बेहतर भविष्य और अभिनय के सपनों को साकार करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी। संघर्ष के बाद उन्होंने फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई और विशेष रूप से दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय खलनायकों में शुमार हुए। प्रदीप सिंह रावत ने हिन्दी, तेलुगु, तमिल और नेपाली फिल्मों में अनेक यादगार भूमिकाएँ निभाईं। निर्देशक चन्द्र पंत की नेपाली फिल्मों ‘आबात आमा’ और ‘ह्रस्व दीर्घ’ में उनके अभिनय को विशेष सराहना मिली। जबलपुर से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाले इस अभिनेता की उपलब्धियां हमेशा याद की जाएंगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *