![]()
फतेहाबाद में कार्यरत मार्केटिंग बोर्ड के डीएमईओ (District Marketing Enforcement Officer) सुल्तान सिंह को प्रदेश सरकार की ओर से सस्पेंड कर दिया गया है। इस संबंध में बोर्ड के मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। आदेशों के अनुसार सस्पेंशन अवधि के दौरान सुल्तान सिंह का पंचकुला स्थित हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक का कार्यालय मुख्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें सक्षम अधिकारी से अनुमति लिए बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, सस्पेंशन ऑर्डर में कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। मगर विभाग में चर्चा है कि सुल्तान सिंह की ओर से दिल्ली में जंतर-मंतर पर स्टूडेंट्स द्वारा किए गए प्रदर्शन का समर्थन किया गया था। इसके बाद सुल्तान सिंह की शिकायत विभाग के उच्चाधिकारियों को कर दी गई। इसके बाद यह कार्रवाई हुई है। सुल्तान सिंह इससे पहले बीजेपी की पूर्व नेत्री और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट द्वारा पिटाई करने पर चर्चा में आए थे। उस समय सुल्तान सिंह हिसार की मार्केट कमेटी के सचिव थे। वहीं, इस संबंध सुल्तान सिंह का कहना है कि उनकी झूठी शिकायत की गई है। वह सस्पेंशन के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे। यह था सोनाली फोगाट द्वारा पिटाई का मामला जानकारी के अनुसार, 5 जून 2020 को सोनाली फोगाट हिसार जिले के बालसमंद गांव में बनी मंडी का निरीक्षण करने गई थी। उस समय उनके साथ तत्कालीन सचिव सुल्तान सिंह भी थे। इसी दौरान सोनाली फोगाट ने सुल्तान सिंह पर पहले थप्पड़ मारे। फिर सैंडल से उनकी पिटाई की थी। सोनाली का आरोप था कि सुल्तान सिंह ने उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और भद्दा व्यवहार किया। वहीं, सचिव ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा था कि विधानसभा चुनाव की रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया। इसके बाद दोनों की शिकायत पर केस दर्ज किए गए थे। हालांकि, अब सोनाली फोगाट का निधन हो चुका है। रणदीप सुरजेवाला के नजदीकी हैं मार्केट कमेटी सचिव बताया जाता है कि मार्केटिंग बोर्ड के डीएमईओ सुल्तान सिंह कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला के नजदीकी हैं। जींद उपचुनाव के दौरान भी सचिव द्वारा सुरजेवाला के समर्थन में वोट मांगने के आरोप लगे थे और उनके खिलाफ जजपा की ओर से चुनाव आयोग को भी शिकायत दी गई थी। वैसे ही किसी ने शरारत की होगी-डीएमईओ इस मामले को लेकर डीएमईओ सुल्तान सिंह ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि 15 साल हो गए, मैं तो कभी दिल्ली नहीं गया। न ही मैंने किसी का कोई समर्थन किया। सस्पेंशन ऑर्डर में कोई कारण नहीं लिखा हुआ है। सस्पेंशन के खिलाफ हाईकोर्ट जाऊंगा। वैसे ही किसी ने शरारत की होगी। कोई डिपार्टमेंट का भी हो सकता है। हेड ऑफिस जाकर पता करूंगा।
Source link
फतेहाबाद के DMEO सुल्तान सिंह सस्पेंड:जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का समर्थन करने की हुई शिकायत; सोनाली फोगाट भी कर चुकी पिटाई
