![]()
बलरामपुर में 51वीं यूपी बटालियन एनसीसी के कार्यवाहक कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनुराग गंजवार के निर्देशन में बुधवार दोपहर एमएलके पीजी कॉलेज परिसर में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एमएलके पीजी कॉलेज और एमपीपी इंटर कॉलेज के लगभग 120 एनसीसी कैडेटों ने भाग लेते हुए टीबी मुक्त भारत का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पाण्डेय ने किया। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य देश को तपेदिक (टीबी) जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी से मुक्त करना है। उन्होंने बताया कि टीबी माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस बैक्टीरिया से होने वाला संक्रामक रोग है, जो मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करता है, लेकिन मस्तिष्क, रीढ़ और गुर्दों सहित शरीर के अन्य अंगों पर भी असर डाल सकता है। प्रो. जेपी पाण्डेय ने समय पर जांच, नियमित उपचार और जनजागरूकता को टीबी उन्मूलन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया। एमएलके पीजी कॉलेज के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेन्द्र कुमार चौहान ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बताया कि निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्र पहल के माध्यम से टीबी मरीजों को आर्थिक एवं पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे मरीजों के उपचार में मदद मिलती है और समाज में टीबी को लेकर फैले भय एवं भेदभाव को भी कम किया जा सकता है। एमपीपी इंटर कॉलेज के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मदन लाल ने कहा कि टीबी मरीजों की समय पर पहचान और पूरा इलाज संक्रमण की श्रृंखला को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने कैडेटों से स्वयं जागरूक रहने और समाज को भी इस बीमारी के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी एनसीसी कैडेटों को टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. एस.के. त्रिपाठी, दोनों शिक्षण संस्थानों के शिक्षक तथा करीब 120 एनसीसी कैडेट मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें समाज में जनजागरूकता का प्रभावी दूत तैयार करना था।
Source link
एनसीसी कैडेटों ने लिया टीबी मुक्त भारत का संकल्प:बलरामपुर में जागरूकता अभियान में 120 कैडेट हुए शामिल
