![]()
संभल में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ हुए विवाद के 24 घंटे बाद कोतवाली संभल के इंस्पेक्टर सुधीर पंवार का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में इंस्पेक्टर वर्दी में एक मुस्लिम बुजुर्ग के पैर छूते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो को चेहल्लुम जुलूस का बताकर शेयर किया गया, लेकिन यह वीडियो पिछले मोहर्रम के दौरान का बताया जा रहा है। हालांकि इस वीडियो की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पप्पू यादव के विरोध में प्रदर्शन के दौरान हुआ था विवाद दरअसल, मंगलवार दोपहर बजरंग दल के जिला संयोजक नितिन शर्मा अपने समर्थकों के साथ शंकर इंटर कॉलेज चौराहे पर सांसद पप्पू यादव के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। कार्यकर्ता राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर संसद में किए गए प्रदर्शन का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान इंस्पेक्टर सुधीर पंवार मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों को डांटा, जिला संयोजक के हाथ से बैनर छीन लिया और धक्का-मुक्की करते हुए उन्हें पुलिस वाहन में बैठा लिया। बाद में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीओ संभल कुलदीप कुमार को मौके पर पहुंचना पड़ा। थाने में हुआ धरना, पढ़ी गई हनुमान चालीसा घटना के बाद बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने कोतवाली परिसर में धरना दिया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रदर्शन के दौरान इंस्पेक्टर और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। वायरल वीडियो को लेकर शुरू हुई चर्चा विवाद के अगले दिन इंस्पेक्टर सुधीर पंवार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में वह संभल के मोहल्ला महमूद खां सराय निवासी नवाब बंदु के घर वर्दी में पहुंचकर उनके पैर छूते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसे चेहल्लुम से जोड़कर प्रसारित किया गया, जबकि स्थानीय स्तर पर इसे मोहर्रम के दौरान का पुराना वीडियो बताया जा रहा है। इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बजरंग दल ने लगाए अभद्रता के आरोप बजरंग दल के जिला संयोजक नितिन शर्मा ने बताया कि उन्होंने पुतला दहन कार्यक्रम की सूचना पहले ही पुलिस और एलआईयू को दे दी थी। उनका आरोप है कि इसके बावजूद इंस्पेक्टर ने बिना कोई बात सुने बैनर छीन लिया। उन्हें जबरन पुलिस वाहन में बैठा लिया। उन्होंने दावा किया कि बाद में कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद उन्हें छोड़ दिया गया और इंस्पेक्टर ने कोतवाली में अपने व्यवहार पर खेद भी जताया। प्रदर्शन में ये लोग रहे मौजूद प्रदर्शन में विहिप और बजरंग दल के जिलाध्यक्ष आशु गर्ग, बजरंग दल संयोजक शक्ति शंकर, राजेश गुप्ता, पुष्कल गुप्ता, सुधांशु शर्मा, संतोष गुप्ता, अतुल गुप्ता, बॉबी जाटव, आदर्श, सरिता गुप्ता सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
इंस्पेक्टर के वर्दी में बुजुर्ग के पैर छूने पर विवाद:चेहल्लुम जुलूस का बताकर शेयर किया गया, पिछले साल मोहर्रम का निकला
