![]()
किशनगंज में दौला गांव की एक महिला ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के चार सदस्यों के खिलाफ महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और पति द्वारा दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता सुनीता कुमारी ने महिला थाने में दिए आवेदन में बताया कि लगभग छह साल पहले उसकी शादी हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के कुछ समय बाद तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति, देवर, सास और ससुर ने दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। फ्रिज की अतिरिक्त मांग की जा रही थी
महिला का आरोप है कि विवाह के समय एक मोटरसाइकिल दहेज में दी गई थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से पांच भर सोना और एक फ्रिज की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। आवेदन के अनुसार, दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे हाल ही में पता चला कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। इस जानकारी के बाद जब वह 29 जून को अपने ससुराल पहुंची, तो वहां उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके कपड़े फाड़कर उसे बेइज्जत किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने अपने आवेदन में अपने और अपने पुत्र के भरण-पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। महिला थाना अध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
किशनगंज में महिला ने 4 ससुराल वालों पर कराई FIR:बोली- मोटरसाइकिल के बाद 5 भर सोना और फ्रिज मांग रहा पति, मारपीट भी की
