Headlines

धनबाद में भू-धंसान से 5 मकान जमींदोज:धमाके से कांपी जमीन, लाखों की संपत्ति दबी; समय रहते बाहर निकले लोग, टला बड़ा हादसा




धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र स्थित सेलेक्टेड गोविंदपुर में भीषण भू-धंसान की घटना सामने आई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आसपास की जमीन कांपने लगी। देखते ही देखते पांच मकान जमीन में समा गए। पूरा इलाका दहशत में आ गया। गनीमत रही कि घटना के वक्त सभी परिवार घरों से बाहर थे, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मकानों में रखा बाइक, टीवी, पलंग समेत अन्य घरेलू सामान मलबे में दब गया, जिससे प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये की क्षति हुई है। पांच परिवार हो गए पूरी तरह बेघर इस हादसे में जिन लोगों के मकान पूरी तरह ध्वस्त हुए हैं, उनमें संजय दास, ईश्वर दास, लक्ष्मण बाउरी, राजू भुइयां और हीरो दास शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, वार्ड संख्या-1 की पार्षद मधुमाला भी घटनास्थल पर पहुंचीं और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। प्रत्यक्षदर्शी ईश्वर दास ने बताया कि शाम के समय लोग घरों के बाहर बैठे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंसने लगी और देखते ही देखते मकान जमींदोज हो गए। पुरानी खदान और लगातार बारिश बनी वजह स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर यह भू-धंसान हुआ है, वहां पहले बीसीसीएल की भूमिगत खदानें संचालित होती थीं। लगातार हो रही बारिश के कारण जमीन कमजोर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप थी। जिसके कारण अधिकांश लोग घरों के बाहर थे। उनका कहना है कि अगर बिजली रहती और लोग घरों के अंदर होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन और बीसीसीएल से तत्काल सर्वे कराने, उचित मुआवजा देने, राहत सामग्री उपलब्ध कराने और सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *