![]()
पानीपत जिले में समालखा के जीटी रोड स्थित राजा गार्डन के पीछे चंद्रो देवी एन्क्लेव के शिव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हो गया है। ये अनुष्ठान 6 से 10 अगस्त तक प्रतिदिन विधि-विधान से आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सवा लाख मृत्युंजय मंत्रों का जाप भी शामिल है। 10 अगस्त को एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 11 अगस्त को विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। मंदिर के निर्माणकर्ता और समाजसेवी जगपाल जौरासी ने बताया कि उन्होंने यह मंदिर अपने स्वर्गीय पिता ताराचंद और माता चंद्रो देवी की स्मृति में बनवाया है। मंदिर में भगवान शिव, हनुमान जी, राधा-कृष्ण, राम दरबार, शनिदेव और मां दुर्गा सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों की स्थापना की जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा के बाद होगा भंडारा प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद एक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत मंदिर का संचालन और देखरेख कॉलोनीवासियों को सौंप दी जाएगी। जगपाल जौरासी ने यह भी बताया कि वह इससे पहले भी समालखा में कई धार्मिक स्थलों के निर्माण में सहयोग कर चुके हैं। धार्मिक अनुष्ठानों में पंडित सुरेंद्र शास्त्री, बसंत शास्त्री, सुंदर पंडित, हरिओम पंडित, कृष्ण दत्त और सेमबाल शास्त्री वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पाठ संपन्न करा रहे हैं। इस अवसर पर सुभाष जौरासी, विनोद जौरासी, मीना जौरासी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Source link
समालखा शिव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू:10 को निकलेगी कलश यात्रा, 11 अगस्त को मूर्ति स्थापना, सवा लाख मंत्रों का जाप
