![]()
गिरिडीह पुलिस ने जिला जनसंपर्क कार्यालय में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी निशानदेही पर चोरी हुआ इनवर्टर, दो बैटरियां और एक एलईडी टीवी बरामद किया गया है। डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने गुरुवार को यह जानकारी दी। डीएसपी नीरज सिंह ने बताया कि 27 जुलाई को जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसेवक सह प्रभारी इंक्वायरी लिपिक राजेश पासवान ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कार्यालय से एक माइक्रोटेक इनवर्टर, दो एसएफ सोनिक बैटरियां और एक एलईडी टीवी चोरी हो गए थे। इस शिकायत के आधार पर नगर थाना में कांड संख्या 158/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान न्यू चुड़ी मोहल्ला निवासी महताब अंसारी उर्फ बल्लू और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिमरियाटांड़ बुढ़ियाबाद निवासी मो. वारिस को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी हुआ माइक्रोटेक इनवर्टर, दो एसएफ सोनिक बैटरियां और एक सैमसंग एलईडी टीवी बरामद कर लिया गया। डीएसपी ने यह भी बताया कि इस मामले में एक और आरोपी की संलिप्तता सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है और अन्य मामलों में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Source link
गिरिडीह जनसंपर्क कार्यालय में चोरी का खुलासा:दो आरोपी गिरफ्तार, एक और की संलिप्तता आई सामने; इनवर्टर, बैटरी व LED टीवी बरामद
