![]()
सिरसा जिले के नगर परिषद डबवाली में कच्चे और ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने वीरवार से 3 दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। यह हड़ताल हरियाणा सरकार द्वारा उनकी मांगों की अनदेखी और पूर्व में हुए समझौतों के वादे पूरे न करने के विरोध में की जा रही है। सफाई कर्मचारी संघ के राज्यव्यापी आह्वान पर यह हड़ताल 6 अगस्त से 8 अगस्त तक चलेगी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। जानकारी के अनुसार, नगर परिषद डबवाली के लगभग 80 कच्चे और ठेका सफाई कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं। वहीं, लगभग 33 स्थायी कर्मचारी नियमित रूप से सफाई कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद, शहर की सफाई व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ा है और कई क्षेत्रों में कूड़ा उठाने का काम बाधित हुआ है। वीरवार सुबह, सभी हड़ताली सफाई कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए। यूनियन के पूर्व प्रधान सूरज कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्यालय के सामने दरी बिछाकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। पूर्व प्रधान बोले- अपने आश्वासनों से पीछे हट रही सरकार धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के पूर्व प्रधान सूरज कुमार ने कहा कि इससे पहले भी सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया था। उस दौरान सरकार और यूनियन नेताओं के बीच हुई वार्ता में कई मांगों को स्वीकार किया गया था और उन्हें पूरा करने के लिए 30 जून तक का समय दिया गया था। लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब अपने आश्वासनों से पीछे हट रही है और सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कर्मचारी संघ के आह्वान पर 3 दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल की जा रही है। यदि सरकार ने जल्द ही कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा तथा आगामी दिनों में हड़ताल की अवधि भी बढ़ाई जा सकती है। आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन उन्हें धरातल पर लागू नहीं किया जाता। ऐसे में मजबूर होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। सफाई कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि उनकी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए ताकि वे अपने कार्य पर लौट सकें और शहर की सफाई व्यवस्था भी सामान्य हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान नगर परिषद के सभी कच्चे एवं ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Source link
डबवाली में सफाई कर्मचारियों की 3 दिवसीय हड़ताल:शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित, सरकार पर लगाया अनदेखी का आरोप
