Headlines

नौकरी का झांसा देकर तीन लोगों से 9 लाख ठगे:खुद को जनता कांग्रेस अध्यक्ष बताकर ठगा, FIR दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस




छत्तीसगढ़ के धमतरी में नौकरी लगाने का झांसा देकर तीन लोगों से 9 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। ठगी करने वाले व्यक्ति ने खुद को जनता कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बताया था। उसने समग्र शिक्षा कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर हर व्यक्ति से ढाई लाख रुपए मांगे। ठग ने पीड़ितों से ऑनलाइन और नकद दोनों तरीकों से पैसे लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जानिए पूरा मामला मगरलोड क्षेत्र के रहने वाले अनूप कुमार ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। अनूप कुमार महासमुंद के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरतोरा में व्यावसायिक शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि जुलाई 2025 में समग्र शिक्षा कंपनी की ओर से आयोजित व्यावसायिक शिक्षा परीक्षा का रिजल्ट आया था, जिसमें उनका नाम नहीं था। इसके बाद उन्होंने समग्र शिक्षा कंपनी के खिलाफ हड़ताल में हिस्सा लिया था। नौकरी का झांसा देकर मांगे ढाई लाख हड़ताल के दौरान अनूप कुमार की मुलाकात एक व्यक्ति से हुई। अनूप के मुताबिक, उस व्यक्ति ने खुद को जनता कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बताया और हड़ताल में शामिल सभी लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उसने हड़ताल खत्म करने के लिए कहा और नौकरी लगवाने के बदले हर व्यक्ति से ढाई लाख रुपए मांगे। अनूप कुमार ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पहली बार आरोपी को 80 हजार रुपए दिए। छह महीने तक नौकरी का झांसा देता रहा आरोपी अगस्त 2025 से जनवरी 2026 तक आरोपी उन्हें नौकरी दिलाने के नाम पर टालता रहा। जनवरी 2026 में समग्र शिक्षा कंपनी की ओर से परीक्षा का इंटरव्यू और ऑनलाइन परीक्षा हुई। चार दिन बाद आए परिणाम में अनूप कुमार का चयन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरतोरा में हो गया। आरोपी ने उनके दो दोस्तों को भी एक सप्ताह के भीतर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया और पूरे पैसे की मांग की। ऑनलाइन और नकद मिलाकर 9 लाख की ठगी जानकारी के अनुसार, धोखाधड़ी करने वाले व्यक्ति ने ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग स्कैनर्स पर पैसे ट्रांसफर करवाए। तीनों दोस्तों ने कुल 6 लाख 39 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे, जबकि ढाई लाख रुपए नकद आरोपी को दिए गए। इस तरह शिक्षक और उनके दो दोस्तों से नौकरी दिलाने के नाम पर कुल 9 लाख रुपए लिए गए। पैसे लौटाने के नाम पर दिया फर्जी चेक, धमकाया भी आरोप है कि जब पीड़ितों ने नौकरी के बारे में पूछा तो आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में उसने पैसे वापस करने के नाम पर फर्जी चेक दिया और पैसे लौटाने के लिए घर बुलाकर धमकियां भी दीं। ठगी का शिकार होने के बाद जांच-पड़ताल की गई और आरोपी के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। ठगी की शिकायत पर जांच शुरू एडिशनल एसपी डी.सी. पटेल ने बताया कि अनूप कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि योगेंद्र कुमार नामक व्यक्ति ने उनके और उनके दोस्तों के साथ नौकरी दिलाने के नाम पर 9 लाख रुपए की ठगी की है। इस संबंध में जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *