![]()
करनाल के हांसी रोड स्थित भगवाड़िया गैस एजेंसी के पास बीरू वाल्मीकि की हत्या के बाद परिवार का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा।कल दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया था। अब पुलिस की ओर से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद आज परिजन बीरू का अंतिम संस्कार कर सकते हैं। इधर, हत्यारोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सीआईए समेत पांच टीमें अलग-अलग एंगल से जांच में जुटी हैं। मामले में सोशल मीडिया पर दो पोस्ट सामने आने के बाद परिवार का गुस्सा और बढ़ गया था। एक पोस्ट में ऑडियो के जरिए एक युवक ने खुद को शूटर समाना बताते हुए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। इसमें इंस्टाग्राम पर हुई बहस को हत्या की वजह बताया गया है। वहीं दूसरी पोस्ट में हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया के नाम से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पुलिस इन पोस्ट की भी जांच कर रही है। धमकी के बाद हत्या, अब पोस्ट से बढ़ा आक्रोश
मृतक की मां ममता के अनुसार बीरू को करीब एक महीने से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इसके बावजूद बुधवार रात वह घर से निकला और भगवाड़िया गैस एजेंसी के पास पहुंचा तो बाइक सवार बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। हत्या के बाद इंटरनेट मीडिया पर सामने आई पोस्ट ने मामले को और गंभीर बना दिया। परिजनों का आरोप है कि हत्या की जिम्मेदारी लेने के साथ उन्हें भी धमकी दी गई। इसी के चलते गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से मना कर दिया था। विधायक पहुंचे, समझाया; अंबेडकर चौक पर धरने पर बैठे परिजन
पोस्टमार्टम हाउस में विधायक जगमोहन आनंद भी पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया,लेकिन परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद परिजनों ने अंबेडकर चौक पर करीब एक घंटे तक धरना दिया।
उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पांच करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार को सुरक्षा देने की मांग उठाई। परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग भी रखी।पुलिस ने आज आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। अब पुलिस की ओर से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि अभी तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चार बहनों का इकलौता भाई, घर से निकलते ही बना निशाना
बीरू चार बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों के अनुसार वारदात के समय वह अपनी बहन के घर जा रहा था। उसका घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर ही बदमाशों ने रास्ता रोक लिया और गोली मार दी। परिजनों को आशंका है कि बदमाश बीरू की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। उनका कहना है कि जिस जगह वारदात हुई, वह घर से ज्यादा दूर नहीं थी। ऐसे में परिवार को शक है कि हमलावरों ने उसकी रेकी की होगी। भीड़ वाले इलाके में वारदात, सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी दहशत
बीरू की हत्या के बाद आसपास के लोगों में भी डर का माहौल है। जिस इलाके में वारदात हुई, वहां लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद सोशल मीडिया पर सामने आई कथित जिम्मेदारी वाली पोस्ट ने पुलिस के लिए भी चुनौती बढ़ा दी है। एक पोस्ट में धमकी भरे अंदाज में आगे किसी का साथ देने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कही गई है। पुलिस अब इन पोस्ट की सत्यता और इन्हें अपलोड करने वाले लोगों की पहचान की जांच कर रही है। छह महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी बोली- खून के बदले खून चाहिए
बीरू की शादी करीब छह महीने पहले दिपीका नाम की युवती से हुई थी। पत्नी के हाथों की मेहंदी का रंग पूरी तरह उतर भी नहीं पाया था कि पति की हत्या हो गई। धरने के दौरान पत्नी फूट-फूटकर रोती रही। उसने कहा कि बीरू हरिद्वार जाने की बात कर रहा था और उसे क्या पता था कि भगवान उसे सच में हरिद्वार ले जाएगा। पत्नी ने कहा कि उसे अपने पति के खून के बदले खून चाहिए। उसने दावा किया कि बीरू को करीब एक महीने से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि गोली लगने के बाद बीरू काफी देर तक मौके पर तड़पता रहा। उसका कहना था कि यदि उसे समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। सात नामजद, पुलिस पांच टीमों से कर रही जांच
पुलिस ने मृतक बीरू की मां ममता की शिकायत के आधार पर वंश, योगेश, कुनाल, निंजा, संजय, जैन और नैनसी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब नामजद आरोपियों के साथ ही सोशल मीडिया पर सामने आए दावों की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस की सीआईए टीम समेत पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आज संस्कार की उम्मीद, परिवार को गिरफ्तारी का इंतजार
पोस्टमार्टम के बाद कल परिजनों ने बीरू का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया था। परिवार का कहना था कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, वे शव नहीं उठाएंगे। पुलिस की ओर से जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिए जाने और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने के बाद आज बीरू के अंतिम संस्कार की संभावना है। हालांकि परिवार की ओर से अंतिम निर्णय पुलिस की कार्रवाई को देखते हुए लिया जाएगा। पांचो टीमें कर रही जांच
करनाल डीएसपी हेडक्वार्टर संदीप कुमार ने बताया कि बीरू के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। सीआईए समेत पांच टीमें मामले की जांच कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। परिजनों को समझा दिया गया है। उनकी शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
Source link
करनाल में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड मामला:आज हो सकता है अंतिम संस्कार,एक सप्ताह पहले मिली थी धमकी, कुछ लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में
