![]()
नगर थाना क्षेत्र के बांसबाड़ी और झमटा पंचायत की सीमा पर स्थित वार्ड संख्या-13 के भेभड़ा मरिया धार से गुरुवार को एक युवक और एक नाबालिग किशोरी का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही डायल-112 और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची, हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृत युवक की पहचान बांसबाड़ी पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी 19 वर्षीय अली हसन मिट्ठू, पिता मो. मोरताज के रूप में हुई। वहीं मृत नाबालिग किशोरी (करीब 15 वर्ष) की पहचान आसपास के गांव की रहने वाली के रूप में की गई। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर कुछ ग्रामीण मरिया धार में जाल लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में पड़े दोनों शवों पर पड़ी। शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोगों ने डूबने से मौत की आशंका जताई, जबकि कुछ ने मामले को संदेहास्पद बताया। वहीं मृतक के परिजनों ने इस संबंध में कुछ भी कहने से इनकार किया। 3 दिन पहले दो युवक व दो युवतियां हुई थीं लापता ग्रामीणों के अनुसार तीन दिन पहले गांव से दो युवक और दो युवतियां लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस मामले को लेकर बुधवार को दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी। पंचायत के बाद एक युवक और एक युवती अपने-अपने घर लौट आए थे, जबकि दूसरी जोड़ी का शव गुरुवार को मरिया धार से बरामद हुआ।
Source link
लापता युवक-किशोरी के शव मरिया धार से बरामद, तीन दिन से गायब थे
