![]()
सावन की कांवड़ यात्रा में इस बार दिल्ली के मंगोलपुरी से आए बजरंगी युवा ग्रुप की पंचमुखी बालाजी थीम वाली विशाल कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। करीब 32 सदस्यों का यह समूह हरिद्वार से जल लेकर दिल्ली की ओर रवाना हुआ है। ग्रुप का कहना है कि यह उनकी पहली भव्य कांवड़ है, जिसे बजरंगबली के प्रति आस्था और सेवा भाव के साथ तैयार किया गया है। ग्रुप के सदस्य सुमित बजरंगी ने बताया कि कांवड़ को बारिश से बचाने के लिए पूरी तरह तिरपाल से ढका गया है, ताकि लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं पर कोई असर न पड़े। उनका दावा है कि रात के समय यह कांवड़ अपने भव्य स्वरूप में अलग ही आकर्षण का केंद्र बनती है। सुमित ने कहा कि उनकी मनोकामना है कि देश हिंदू राष्ट्र बने और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिले। उन्होंने कहा कि गौमाता को राष्ट्रमाता बनाने के लिए निकाली जा रही यात्राओं का उनका समूह पूरा समर्थन करता है और जहां भी ऐसी यात्रा होगी, वहां उनकी भागीदारी रहेगी। साथ ही उन्होंने सरकार से भी इस दिशा में कदम उठाने की अपील की। नशे के साथ कांवड़ यात्रा पर जताई आपत्ति बजरंगी युवा ग्रुप ने कांवड़ यात्रा में नशे का सामान लेकर चलने वालों पर भी सवाल उठाए। सुमित ने कहा कि अगर कोई स्वयं को शिवभक्त बताता है तो उसे यात्रा पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके पूरे समूह के वाहन और डीजे में हुक्का, तंबाकू या किसी भी तरह का नशे का सामान नहीं मिलेगा। उनका कहना था कि भोलेनाथ के नाम पर नशे को बढ़ावा देना उचित नहीं है। सुमित ने कहा कि कुछ लोग नशे को ‘शिवजी का प्रसाद’ बताकर उसका सेवन करते हैं। उन्होंने कहा, “लोग कहते हैं कि यह शिवजी का प्रसाद है, इसलिए हम नशा करते हैं। लेकिन हमारी उनसे यही बात है कि भगवान शिव ने तो समुद्र मंथन के दौरान विष भी पिया था, तो क्या आप भी विष पी सकते हैं? अगर नहीं, तो शिवजी के नाम पर नशे का सेवन करना भी उचित नहीं है।” हर मंगलवार करते हैं हनुमान चालीसा ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि वे नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान भी शाम को सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का आयोजन होता है। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य युवाओं को नशे और गलत रास्तों से दूर कर भक्ति और समाज सेवा की ओर प्रेरित करना है। अगले साल निकालेंगे भव्य रथ यात्रा ग्रुप ने बताया कि इस वर्ष पहली बार पंचमुखी बालाजी की विशाल कांवड़ निकाली गई है। यदि बाबा का आशीर्वाद रहा तो अगले वर्ष इससे भी अधिक भव्य और आकर्षक रथ यात्रा निकाली जाएगी, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग आएंगे।
Source link
'पंचमुखी बालाजी' कांवड़ लेकर निकला बजरंगी युवा ग्रुप:गौमाता को राष्ट्रमाता बनाने की उठाई मांग, नशे को शिव का प्रसाद बताने वालों पर भी उठाए सवाल
