![]()
सीतापुर के कोतवाली नगर क्षेत्र के श्यामनाथ मोहल्ले में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे घर के बाहर सफाई कर रही 50 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घर के बाहर लगी लोहे की रॉड में अचानक करंट उतर आया था। महिला ने जैसे ही रॉड को हाथ लगाया वह करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान श्यामनाथ मोहल्ला निवासी जगवती देवी (50) पत्नी राकेश कुमार के रूप में हुई है। शुक्रवार जगवती देवी घर के बाहर सफाई कर रही थीं। इसी दौरान सफाई करते समय उनका हाथ घर के बाहर लगी लोहे की पाइप/रॉड से छू गया। उसमें पहले से करंट प्रवाहित हो रहा था। रॉड छूते ही महिला को तेज झटका लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। महिला के गिरते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी तरह बिजली का संपर्क हटाने के बाद महिला को वहां से उठाया। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की हालत की जांच की, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक घर के बाहर लगी लोहे की पाइप में करंट कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं हो सकी। आशंका जताई जा रही है कि किसी विद्युत तार में खराबी या संपर्क के कारण लोहे की रॉड में करंट उतरा होगा।
Source link
सीतापुर में सफाई करते समय महिला को लगा करंट:लोहे की रॉड छूने से मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान
