Headlines

पोंडा नाला उफान पर, आने-जाने में परेशानी:रेलवे ने ठेकेदार को नवंबर तक ब्रिज का काम पूरा करने दी डेडलाइन




बारिश शुरू होते ही एक बार फिर पोंडा नाला उफान पर है। पानी के बीच से वाहनों और स्कूल बसों के गुजरने के वीडियो सामने आ रहे हैं। नाला पर निर्माणाधीन पुल को नवंबर तक हर हाल में पूरा करने का अल्टीमेटम रेलवे ने ठेकेदार को दिया है। रेलवे अधिकारियों ने ठेकेदार को मौसम की चुनौतियों के बावजूद तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बारिश के दौरान पोंडा नाला में पानी बढ़ने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा जलमग्न हो जाता है। तेज बहाव के बीच दोपहिया, चारपहिया वाहनों और स्कूल बसों को भी जोखिम उठाकर गुजरना पड़ता है। अधिक बारिश होने पर इस मार्ग पर आवागमन बाधित होने का खतरा बना रहता है, जिससे शहडोल, सिंहपुर क्षेत्र और आसपास के गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। लोगों को हो रही परेशानी सिंहपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रतिदिन काम, कारोबार, इलाज और पढ़ाई के लिए शहडोल आते हैं। पोंडा नाला में पानी भरने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुल बनने के बाद बारिश के दौरान भी आवागमन सुचारू रहने की उम्मीद है, जिससे हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को नवंबर तक काम पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्वीकार किया कि लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य में कुछ व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन काम को गति देकर निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। पोंडा नाला लंबे समय से बारिश के दौरान स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी समस्या रहा है। जलस्तर बढ़ने पर सड़क पर पानी आ जाने से आवागमन बेहद जोखिम भरा हो जाता है। पिछले साल भी तेज बहाव के दौरान एक कार के डूबने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस पुल के तैयार होने से शहडोल से रायपुर, डिंडौरी और जबलपुर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही, सिंहपुर क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बारिश में आवागमन की परेशानी से स्थायी राहत मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *