ऑरेंज टी-शर्ट पहना संदिग्ध बाइक लेकर जाते CCTV में कैद।
अंबाला छावनी के नल्हेड़ा में एक कंपनी के बाहर खड़ी बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। बाइक चोरी की पूरी वारदात कंपनी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में संदिग्ध महज करीब डेढ़ मिनट में बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार होता दिखाई दे रहा है।
.
बाइक मालिक सूर्य प्रताप ने बताया कि वह अंबाला छावनी के नल्हेड़ा स्थित Pinrac Life Science कंपनी में काम करते हैं। यह फार्मेसी से जुड़ी कंपनी है। 1 अक्टूबर को वह सुबह करीब 9:37 बजे बाइक से कंपनी पहुंचे थे। उन्होंने अपनी HF Deluxe बाइक कंपनी के बाहर खड़ी की और ऑफिस में काम करने चले गए।

लॉक तोड़ने के बाद बाइक लेकर मौके से निकलता संदिग्ध।
शाम को बाहर निकले तो बाइक गायब मिली
सूर्य प्रताप के मुताबिक, शाम करीब 6:30 बजे जब वह ऑफिस से बाहर आए तो जिस जगह बाइक खड़ी की थी, वहां बाइक नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने कंपनी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक कराई। फुटेज देखने पर बाइक चोरी करने वाला संदिग्ध साफ नजर आया।
CCTV में दिखा पूरा घटनाक्रम
CCTV फुटेज के मुताबिक, 1 अक्टूबर की सुबह 10:51 बजे एक संदिग्ध कंपनी की तरफ आता दिखाई देता है। उसने ऑरेंज रंग की टी-शर्ट पहन रखी है। इसके बाद दूसरे CCTV कैमरे में वही संदिग्ध कंपनी के बाहर खड़ी बाइकों की तरफ जाता नजर आता है।
फुटेज में संदिग्ध बाइक के पास पहुंचकर उसका लॉक तोड़ने की कोशिश करता दिखाई देता है। करीब 1 मिनट 30 सेकंड तक वह बाइक का लॉक तोड़ने में लगा रहता है। इसके बाद करीब 10:53 बजे वह बाइक लेकर मौके से फरार हो जाता है।

बाइक चोरी से पहले कंपनी के बाहर ऑरेंज टी-शर्ट घूमता संदिग्ध।
पुलिस से बाइक बरामद होने की उम्मीद
घटना के बाद सूर्य प्रताप ने पराओ पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस को CCTV फुटेज की जानकारी भी दी है। बाइक मालिक को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपी की पहचान कर बाइक बरामद कर लेगी।
