Headlines

निजी बस में किराये को लेकर विवाद, तोड़फोड़:यात्री ने साथियों को बुलाया, परिवहन टीम देख हमलावर भागे




कोटपूतली में जयपुर से दिल्ली जा रही एक निजी बस में किराए को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक यात्री ने अपने साथियों को बुला लिया, जिन्होंने बस में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। यह घटना आज शाम करीब 6 बजे हुई। किराए को लेकर एक यात्री और कंडक्टर के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद यात्री ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। बदमाशों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से बस पर हमला कर दिया, जिससे बस के शीशे और बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि उसी समय परिवहन विभाग का एक दस्ता उसी मार्ग पर गश्त कर रहा था। जैसे ही परिवहन दस्ते की गाड़ी मौके पर पहुंची, हमलावर युवक तुरंत वहां से फरार हो गए। यह घटना कोटपूतली में देवनारायण मंदिर के सामने जयपुर-दिल्ली मार्ग पर हुई। परिवहन विभाग के इंस्पेक्टर नरेश स्वामी ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे सभी 50-60 यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस घटना में बस के चालक और कंडक्टर को चोटें आई हैं। इंस्पेक्टर नरेश स्वामी और उनकी टीम की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि बदमाशों ने बस पर हमला तब किया जब उसमें कई यात्री सवार थे। यात्रियों ने नीचे झुककर अपनी जान बचाई, जिससे किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिसे परिवहन दस्ते ने संभाला और बाधित यातायात को सुचारु करवाया। कोटपूतली थाना पुलिस को सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *