Headlines

हिसार जीवन कुंडू हत्याकांड: मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं:धरने में पहुंचे इनेलो नेता संपत सिंह और उमेद लोहान; 12 अगस्त को महापंचायत का ऐलान




हिसार के सूर्य नगर में 4 अगस्त को हुई जीवन कुंडू की हत्या के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों और ग्रामीणों का रोष बढ़ रहा है। परिजनों ने अभी तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है, जो अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रखा हुआ है। परिवार और ग्रामीणों का लघु सचिवालय के बाहर धरना सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। सोमवार को इनेलो नेता प्रो. संपत सिंह और उमेद लोहान ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। इस दौरान ग्रामीणों और कमेटी की बैठक में 12 अगस्त को सुबह 11 बजे लघु सचिवालय के बाहर महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया। महापंचायत में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, खाप प्रतिनिधियों और हिसार सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों के जुटने की उम्मीद है। इसमें आंदोलन की आगे की रणनीति तय कर बड़ा ऐलान किया जाएगा। मौजूदा सरकार से हर वर्ग परेशान- उमेद लोहान इनेलो नेता उमेद लोहान ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में आए दिन हत्याएं हो रही हैं और मौजूदा सरकार से हर वर्ग परेशान है। उन्होंने बताया कि जीवन कुंडू के शव का सात दिन से अंतिम संस्कार नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण धरना स्थल पर बैठे हैं, लेकिन परिवार को अभी तक न्याय नहीं मिला है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी रोष है। ‘सरकार केवल वोट बटोरने की राजनीति कर रही’ लोहान ने हरियाणा पुलिस की क्षमता पर विश्वास जताते हुए कहा कि पुलिस सक्षम है, लेकिन उसे ‘ऊपर से आदेश’ की आवश्यकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब करनाल, झज्जर और चरखी दादरी में सरकार के आदेश पर कार्रवाई हो सकती है, तो हिसार में क्यों नहीं? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल वोट बटोरने की राजनीति कर रही है। लोहान ने यह भी कहा कि 12 अगस्त की महापंचायत में इनेलो के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। शनिवार को परिजनों ने लगाया था जाम गौरतलब है कि शनिवार को परिवार और ग्रामीणों ने लघु सचिवालय के बाहर राजगढ़ रोड जाम कर दिया था। इसके बाद एसपी मौके पर पहुंचे और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से धरना जारी है। रविवार को कांग्रेस सांसद जयप्रकाश और पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी धरना स्थल पर पहुंचकर परिवार और ग्रामीणों को समर्थन दे चुके हैं। सोमवार को पांच गांवों के ग्रामीण धरना स्थल पर मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *