![]()
सरगुजा के उदयपुर क्षेत्र में हाथियों के आतंक के कारण प्रभावित ग्रामीणों से मिलने के लिए शनिवार को सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज पहुंचे। उदयपुर क्षेत्र में 26 हाथी डटे हुए हैं। बुधवार की रात दल के एक शावक की मौत के बाद हाथियों ने आसपास के गांवों में उत्पात मचाते हुए फसलों और एक घर को क्षतिग्रस्त किया है। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने लक्ष्मणगढ़ और रामनगर में प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने बताया कि रामनगर में हाथी ने एक घर को तोड़ा है, लेकिन कई ग्रामीणों की फसल को नुकसान पहुंचाया है। हाथी रात को करमकठरा जंगल से निकलकर गांव में पहुंच जा रहे हैं, जिससे लोगों को रतजगा करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताई समस्या, सांसद ने किया सतर्क ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि हाथियों के पहुंचने के बाद उन्हें परिवार सहित घर छोड़ना पड़ता है। वे मुश्किल से घरों एवं फसलों की रखवाली कर रहे हैं। सांसद चिंतामणि महाराज ने आश्वस्त किया कि ग्रामीणों को फसल का मुआवजा दिया जाएगा, इसलिए अपनी जान जोखिम में डालकर हाथियों को खदेड़ने की कोशिश न करें। घरों को हुए नुकसान का भी मुआवजा दिया जाएगा। सांसद चिंतामणि महाराज ने हाथी के शावक की करंट लगने से हुई मौत की जानकारी ली और घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने फसलों की सुरक्षा के लिए लगाए गए तरंगित तारों को निकलवाने का निर्देश दिया। पंडो बस्ती में आंगनबाड़ी, पुल निर्माण के लिए पहल रामनगर में बस्ती से दूर 8 पंडो परिवार निवासरत हैं, जिनके बच्चों को आंगनबाड़ी के लिए एक किलोमीटर से अधिक दूर जाना पड़ता है। सांसद ने आश्वस्त किया कि वे आंगनबाड़ी खुलवाने के लिए पहल करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से भी इसके लिए चर्चा की। ग्रामीणों की मांग पर नाले पर पुलिया निर्माण के लिए भी उन्होंने भरोसा दिलाया है। बारिश में पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी होती है। हाथियों के कारण दहशत में ग्रामीण ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का दल करमकठरा जंगल में डटा हुआ है। शाम होते ही हाथी गांव की ओर निकल जाते हैं और ग्रामीणों के धान एवं अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मौके पर मौजूद एसडीओ फारेस्ट सपना मुखर्जी ने बताया कि ग्रामीणों को मुआवजा एक सप्ताह में दे दिया जा रहा है। इसलिए ग्रामीण फसलों को बचाने के हाथियों को खदेड़ने की कोशिश न करें। वन विभाग की टीम हाथियों की लगातार निगरानी कर रहा है। निरीक्षण के दौरान उदयपुर एसडीएम, तहसीलदार, रेंजर सहित राजस्व एवं वनविभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
Source link
सरगुजा में हाथी प्रभावित इलाके में पहुंचे सांसद:ग्रामीणों की फसलों को पहुंचाया नुकसान, घर भी तोड़ा, ग्रामीणों ने बताई समस्याएं
