![]()
कबीरधाम पुलिस ने नकली नोट छापकर बाजार में खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और प्रार्थी से बरामद कुल 12.50 लाख रुपए के नकली नोट जब्त किए हैं। आरोपियों के पास से कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल टाटा पंच कार भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जुलाई 2026 से किराए के कमरे में कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार कर रहे थे। 3.75 लाख की उधारी के बदले थमा दिए 4.50 लाख के नकली नोट मामला बोडला थाना क्षेत्र की पोंडी चौकी का है। ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3.75 लाख रुपए उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर घुरवा राम ने पैसे लौटाने का भरोसा दिया। 9 अगस्त की रात घुरवा राम ने दिनेश को बताया कि वह सतीश कुमार के जरिए रकम भेज रहा है और उसे पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास बुलाया। दिनेश अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ वहां पहुंचे। कुछ देर बाद सतीश कुमार और उसका साथी एक काले बैग में रकम लेकर पहुंचे। दिनेश ने जब नोटों की जांच की तो उन्हें संदेह हुआ। बैग खोलने पर उसमें 500-500 रुपए के कुल 4.50 लाख रुपए के नकली नोट मिले। इसके बाद 10 अगस्त को पोंडी चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। पूछताछ में खुला नकली नोट छापने का ठिकाना पुलिस ने सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और उन्हें बाजार में खपाने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 13 जुलाई को कलर प्रिंटर खरीदा था। इसके बाद रामप्रसाद ने नए बस स्टैंड के पास एक कमरा किराए पर लिया, जहां तीनों मिलकर नकली नोट तैयार करते थे। सतीश कुमार और रामप्रसाद इन नोटों की डिलीवरी करने जाते थे। आरोपियों से 8 लाख, प्रार्थी से 4.50 लाख के नकली नोट बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 8 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। इसके अलावा प्रार्थी को दिए गए 4.50 लाख रुपए के नकली नोट भी जब्त किए गए। इस तरह कुल जब्ती 12.50 लाख रुपए की नकली करेंसी की हुई है। आरोपीवार जब्ती में सतीश कुमार से 2 लाख, रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4.50 लाख और घुरवा राम से 1.50 लाख रुपए के नकली नोट मिले। रामप्रसाद से प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और टाटा पंच EV कार भी जब्त की गई है। BNS की धाराओं में मामला दर्ज पोंडी चौकी, थाना बोडला में अपराध क्रमांक 101/26 के तहत धारा 179 और 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान धारा 178, 180 और 181 बीएनएस भी जोड़ी गई हैं। पुलिस आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने कितनी मात्रा में नकली नोट छापे और इन्हें अब तक कहां-कहां खपाया गया। तीनों आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में सतीश कुमार (33), निवासी मजगांव रोड, कवर्धा; रामप्रसाद उर्फ रमऊ (56), निवासी तालपुर, कवर्धा और घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा को गिरफ्तार किया है। कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध नोट या संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को लेकर सतर्क रहें। नकली नोट से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना दें।
Source link
उधारी चुकाने के नाम पर दिए नकली नोट:कबीरधाम में 3 आरोपी गिरफ्तार, कलर प्रिंटर से छापते थे,12.50 लाख की जाली करेंसी जब्त
