पठानकोट के शाहपुर कंडी में कर्मचारियों का प्रदर्शन:वित्त मंत्री के ‘एंटी स्टेट’ बयान पर जताया विरोध; बयान वापस लेने की मांग




पठानकोट के शाहपुर कंडी बांध परियोजना में कार्यरत पंजाब स्टेट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज (पीएसएमएस) यूनियन के कर्मचारियों ने पंजाब के वित्त मंत्री के एक बयान के विरोध में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने मुख्य अभियंता कार्यालय के बाहर एकत्र होकर तिरंगे झंडे हाथों में लेकर ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए और वित्त मंत्री द्वारा कर्मचारियों को कथित रूप से ‘एंटी स्टेट’ कहे जाने पर कड़ा विरोध जताया। यूनियन नेताओं ने बताया कि यह निर्णय पीएसएमएस यूनियन की राज्य स्तरीय ऑनलाइन बैठक में लिया गया था। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वित्त मंत्री का बयान सरकारी कर्मचारियों की देशभक्ति और सेवा भावना का अपमान है। उन्होंने मांग की कि मंत्री अपने बयान को तुरंत वापस लें और कर्मचारियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। यूनियन का आरोप- सरकार कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं कर रही यूनियन का आरोप है कि पंजाब सरकार कर्मचारियों को मिलने वाले महंगाई भत्ते (डीए) की बकाया राशि और किस्तों के भुगतान को लेकर न्यायालय के निर्देशों का पालन नहीं कर रही है। कर्मचारियों का कहना है कि अपनी जायज मांगों को उठाने वाले कर्मचारियों को ‘एंटी स्टेट’ कहना पूरी तरह गलत और निराधार है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही बयान वापस नहीं लिया और कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर पीएसएमएस यूनियन के जिला चेयरमैन गुरनाम सैनी, महासचिव हितेश शर्मा, क्लेरिकल यूनियन के प्रधान अजय अभिषेक, महासचिव योगेश्वर सलारियां, सीपीएफ यूनियन के जिला प्रधान अश्वनी शर्मा, निर्वेश डोगरा, कमल वर्मा, अनिल कुमार समेत विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *