Headlines

दतिया में कांग्रेस कैंडिडेट को लेकर बदले समीकरण:राजेंद्र भारती ने हाइकमान से कहा मेरे परिवार के बजाय किसी और को मौका मिले, मैं साथ रहूंगा




मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। इसके बावजूद अब तक न तो भाजपा और न ही कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा की है। इसी बीच कांग्रेस में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने पार्टी हाईकमान से आग्रह किया है कि यदि पार्टी चाहे तो उनके परिवार के बजाय किसी अन्य नेता को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पार्टी जिस भी उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी, वह उसके समर्थन में पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करेंगे। दैनिक भास्कर से टेलीफोन पर हुई बातचीत में राजेंद्र भारती ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से अनुरोध किया है कि उन्हें टिकट देना आवश्यक नहीं है। यदि पार्टी किसी अन्य योग्य नेता को उम्मीदवार बनाती है तो भी वे तन, मन और धन से उसके लिए काम करेंगे और उसकी जीत सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे। अवधेश नायक और घनश्याम सिंह की दावेदारी मजबूत राजेंद्र भारती के परिवार की दावेदारी पीछे हटने के बाद कांग्रेस में अब दो नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं। इनमें पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व उपाध्यक्ष अवधेश नायक और दतिया से दो बार विधायक रह चुके घनश्याम सिंह प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पहले अवधेश नायक को उम्मीदवार घोषित किया था, लेकिन बाद में राजेंद्र भारती समर्थकों के विरोध के चलते पार्टी ने उनका टिकट बदलकर राजेंद्र भारती को प्रत्याशी बनाया था। अब उपचुनाव में कांग्रेस किस चेहरे पर दांव लगाएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। वहीं भाजपा ने भी अभी तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है, जिससे दतिया का राजनीतिक मुकाबला और रोचक होता जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *