Headlines

सराफा व्यापारी का मौत से पहले का वीडियो:स्कूटी से अकेले होटल पहुंचे, कमरे में मिला था शव; रतलाम में शॉप पर पत्नी को बैठाकर गए थे




रतलाम के सराफा व्यापारी रवि मोठिया (46) की मौत से पहले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें वे स्कूटी से होटल पहुंचते और हाथ में काला बैग लेकर अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। पहली मंजिल पर कमरा नंबर 102 की ओर जाते हुए भी वे सीसीटीवी में नजर आए। फुटेज में उनके चेहरे और हाव-भाव से ऐसा नहीं लग रहा था कि वे आत्महत्या करने वाले हैं। रवि मोठिया चांदनी चौक में महावीर ज्वेलर्स नाम से ज्वेलरी शॉप चलाते थे। मंगलवार रात करीब 11.15 बजे उनका शव रतलाम से 12 किमी दूर सैलाना रोड स्थित होटल प्रेम वाटिका के कमरे में मिला था। कमरे से सल्फास पाउडर के 4 खाली पाउच मिले हैं। आशंका है कि उन्होंने पाउडर पानी में मिलाकर पीया होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इसके बाद ही मौत की स्थिति स्पष्ट होगी। देखें तस्वीरें… पत्नी को दुकान पर बैठाकर निकले थे पारिवारिक दोस्त और थोक किराना व्यापारी मनोज झालानी ने बताया कि रवि मंगलवार शाम 4 बजे तक दुकान पर थे। इसके बाद वे पत्नी को दुकान पर बैठाकर कुछ देर में लौटने की बात कहकर चले गए थे। शाम 7.30 बजे तक वापस नहीं आने पर पत्नी ने उन्हें फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद पत्नी ने दोस्त दीपक सोनी को इसकी जानकारी दी। दोस्तों ने अपने स्तर पर रवि की तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला। मोबाइल की आखिरी लोकेशन होटल में मिली दोस्तों ने रात में पुलिस की साइबर सेल से संपर्क किया और मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कराई। शाम करीब 7.15 बजे आखिरी लोकेशन होटल प्रेम वाटिका की मिली। इसके बाद मनोज झालानी, दीपक सोनी, सराफा व्यापारी कीर्ति बड़जात्या, राकेश सकलेचा, शोनू चौरड़िया और गौरव अजमेरा सहित अन्य दोस्त रात करीब 11.15 बजे होटल पहुंचे। रिसेप्शन पर पूछताछ करने पर पता चला कि रवि पहली मंजिल के कमरा नंबर 102 में रुके हैं। दरवाजा नहीं खोला तो दोस्तों ने तोड़ा दोस्त होटल संचालक अमृत पाटीदार को साथ लेकर कमरे के बाहर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद दोस्तों ने धक्का देकर दरवाजा तोड़ा। अंदर रवि बेसुध हालत में मिले। होटल संचालक ने सैलाना थाने को सूचना दी। थाना प्रभारी पिंकी आकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। रात में शव मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। होटल में पहुंचने का फुटेज भी सामने आया सीसीटीवी फुटेज में रवि मंगलवार दोपहर 4.05 बजे स्कूटी से होटल पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कमरा बुक किया और करीब 4.07 बजे पहली मंजिल के गलियारे में कमरा नंबर 102 की ओर जाते नजर आए। फुटेज के अनुसार इसके बाद वे कमरे से बाहर नहीं निकले। होटल से दो पेज का लेटर मिला पुलिस को होटल के कमरे में दो पेज का एक लेटर मिला है। बताया गया कि रवि ने होटल के रिसेप्शन से चार ब्लैंक पेपर लिए थे। कमरे में फ्रीज रखने के लिए बनाए गए फर्नीचर की प्लाई के ऊपर यह लेटर मोड़कर रखा था। उल्टी के कारण कागज गीला हो गया था, जिसे पुलिस ने सुखाया। लेटर में दोस्तों के नाम लिखकर परिवार से माफी मांगने और परेशानी के कारण यह कदम उठाने की बात लिखे होने की जानकारी सामने आई है। इसमें कर्ज से परेशान होने का भी जिक्र बताया गया है। हालांकि पुलिस ने लेटर में क्या लिखा है इसके बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। यह भी जानकारी सामने आई है कि रवि ने घर पर भी एक लेटर छोड़ा है। 6 महीने से कर्ज को लेकर परेशान थे पारिवार के लोगों और दोस्तों के अनुसार, रवि पिछले 6 महीने से व्यापारिक लेनदेन के कर्ज को लेकर परेशान थे। उन्होंने दोस्तों को इसके बारे में बताया था। जिन लोगों की देनदारी थी, उनके नाम की सूची भी बनाई थी। दोस्तों ने उन्हें समझाया था कि धीरे-धीरे स्थिति ठीक हो जाएगी। दोस्तों के मुताबिक रवि ने कभी खुद को कमजोर नहीं दिखाया। इसलिए किसी को यह अंदाजा नहीं था कि वे ऐसा कदम उठा सकते हैं। पुलिस की प्राथमिक जांच में करीब 5 करोड़ रुपए के कर्ज की बात सामने आई है। पहले भी होटल में रुक चुके थे होटल संचालक अमृत पाटीदार ने बताया कि रवि दोस्तों और परिवार के साथ कई बार होटल में खाना खाने आते थे। इस कारण वे उन्हें जानते थे। 18 जुलाई 2026 की रात करीब 9.30 बजे भी रवि बड़ौदा से आने के बाद इसी होटल में रुके थे। एएसपी ने फोरेंसिक टीम के साथ की जांच एएसपी विवेक कुमार ने बुधवार दोपहर फोरेंसिक टीम के साथ होटल पहुंचकर जांच की। पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है। एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या करने की संभावना है। एक लेटर भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। रवि मोठिया परिवार में इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और 15 व 21 साल की दो बेटियां हैं। उनकी एक बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। उनके पिता पिछले 15 साल से बीमार हैं। परिवार के अनुसार रवि सभी को खुश रखते थे। शहर के सागोद रोड स्थित जयंतसेन धाम कॉलोनी में उनका 5 से 7 करोड़ रुपए का कॉटेज बताया गया है। कुछ महीने पहले उन्होंने चांदनी चौक सराफा बाजार में करीब 2 करोड़ रुपए में दुकान भी खरीदी थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *