![]()
रायबरेली जिले के दीनशाह गौरा ब्लॉक के धमधमा गांव में सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर जल योजना’ अपने उद्देश्य में विफल साबित हो रही है। योजना के तहत गांव में करोड़ों रुपये खर्च कर पाइपलाइन बिछाई गई और हर घर के बाहर नल भी लगाए गए, लेकिन सालों बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों को एक बूंद पानी नसीब नहीं हो रहा है। गांव निवासी शिवकुमार, अशोक कुमार, जमील अहमद और राजू सहित अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाए काफी समय हो गया है, लेकिन आज तक गांव में पानी की टंकी का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने बताया कि पूरे गांव में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। केवल एक मोहल्ले में कभी-कभार पानी आता है, जबकि बाकी गांव के लोग आज भी इंडिया मार्का हैंडपंप के सहारे ही अपनी दैनिक जरूरतें पूरी कर रहे हैं। गर्मी और बरसात के मौसम में पानी की समस्या और भी गंभीर हो जाती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस गंभीर समस्या पर न तो ग्राम प्रधान ध्यान दे रहे हैं और न ही संबंधित अधिकारी। ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे उनमें गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का वादा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने जिला अधिकारी से मांग की है कि धमधमा गांव में अधूरी पड़ी टंकी का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए और हर घर में नियमित पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें इस बुनियादी सुविधा का लाभ मिल सके।
Source link
रायबरेली के धमधमा गांव में 'हर घर जल योजना' अधूरी:करोड़ों रुपए खर्च, सालों बाद भी घरों में नहीं पहुंचा पानी
