![]()
किन्नौर जिले के पूह उपमंडल के रूशकलंग गांव में कई वर्षों बाद बस सेवा बहाल होने से लोगों में खुशी का माहौल है। पंचायत प्रधान ओम प्रकाश नेगी के प्रयासों से अब ग्रामीणों को घर-द्वार पर ही परिवहन सुविधा मिल रही है, जिससे उनकी आवाजाही की बड़ी समस्या हल हो गई है। इससे पहले, रूशकलंग गांव के निवासियों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए काफी दूर पैदल चलना पड़ता था। सर्दियों के छोटे दिनों में सुबह बस पकड़ने के लिए जल्दी निकलना और शाम को अंधेरे में घर लौटना, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए, बेहद मुश्किल होता था। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में कई साल पहले बस सेवा शुरू की गई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से यह बाद में बंद हो गई थी। नवनियुक्त पंचायत प्रधान ओपी नेगी ने कार्यभार संभालते ही इस मुद्दे को प्राथमिकता से उठाया। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया। प्रधान ने रूशकलंग मार्ग पर बस सेवा दोबारा शुरू करने की मांग की और इसके लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करवाईं। कई बार उठा चुके मांग प्रधान ओपी नेगी ने बताया कि उन्होंने यह मांग पहले भी उठाई थी, लेकिन तब पंचायत प्रस्ताव और पीडब्ल्यूडी से रोड फिटनेस सर्टिफिकेट न मिलने के कारण सेवा शुरू नहीं हो पाई थी। इस बार सभी बाधाओं को दूर कर बस सेवा को सुचारु कर दिया गया है। पंचायत प्रधान का लोगों ने जताया आभार गांव में बस पहुंचने पर लोगों ने पंचायत प्रधान ओम प्रकाश नेगी का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि उनके इस सराहनीय कदम से क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है। प्रधान ने विश्वास दिलाया कि आने वाले दिनों में पंचायत क्षेत्र के विकास और जनहित के अन्य कार्यों को भी इसी प्रकार प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय ग्रामवासियों से इस बस सेवा का सदुपयोग करने की अपील भी की।
Source link
किन्नौर के गांव रूशकलंग में बस सेवा बहाल:रोड फिटनेस सर्टिफिकेट मिला; पंचायत प्रधान के प्रयास से लोगों को मिली सुविधा
