![]()
लुधियाना में एक स्क्रेप कारोबारी को गोली मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले उससे 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी है। पुलिस को शिकायत देने के बाद थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान राजिंदर कुमार निवासी राजीव गांधी कॉलोनी, फोकल प्वाइंट, लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2), 351(2) और 62 के तहत केस दर्ज किया है। पहली धमकी 25 जुलाई की दी शिकायतकर्ता विजय कुमार निवासी राजीव गांधी कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि 25 जुलाई 2026 को शाम करीब 7:46 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने दूसरे मोबाइल नंबर से मैसेज भेजकर उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार मैसेज में धमकी दी गई कि उसे उसकी स्क्रेप (कबाड़) की दुकान पर ही गोली मार दी जाएगी। इसके बाद 11 अगस्त को शाम करीब 5:37 बजे और 13 अगस्त को रात करीब 9:04 बजे भी शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर पर एक अन्य नंबर से फोन आया। 5 लाख रुपए की मांगी फिरौती शिकायतकर्ता के मुताबिक फोन करने वाले ने उससे 5 लाख रुपये की मांग की है। रकम नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। फोन पर कहा गया कि यदि पैसे नहीं दिए तो इसका अंजाम उसे और उसके परिवार को भुगतना पड़ेगा। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने मामले की पड़ताल की तो उसे पता चला कि राजिंदर कुमार नाम के व्यक्ति ने उसे धमकियां दी थीं। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू करने के बाद आरोपी राजिंदर कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल नंबरों और कॉल से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी संबंधी कार्रवाई भी की जा रही है।
Source link
लुधियाना में स्क्रेप कारोबारी को जान से मारने की धमकी:फोन कर व्यक्ति बोला-5 लाख दो नहीं तो दुकान पर आकर गोली मार दूंगा
