Headlines

चंडीगढ़ में पूर्व पार्षद की कोठी में करोड़ों की लूट:नए कुक ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाया, 3 बेहोश किए, सेफ-अलमारियां तोड़कर जेवर-नकदी चोरी




चंडीगढ़ सेक्टर-28 की पॉश कॉलोनी में शुक्रवार देर रात कांग्रेस के दिवंगत पूर्व पार्षद मुकेश बस्सी की कोठी में करोड़ों रुपये की लूट से सनसनी फैल गई। कुछ दिन पहले ही घर में काम पर रखे गए नए कुक हेमंत थापा ने कथित तौर पर रात के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद घर की मालकिन अंजू, कई साल से काम कर रहे पुराने कुक शिव और मेड अनु बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी ने सेफ और अलमारियों के ताले तोड़े और नकदी के साथ सोने व हीरे के लाखों-करोड़ों के आभूषण लेकर फरार हो गया। वारदात के समय मुकेश बस्सी के दोनों बेटे जितेश और दक्ष अपने परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे दक्ष पत्नी के साथ वापस लौटे। उन्होंने घर का डिजिटल लॉक खोलने की कोशिश की, लेकिन लॉक नहीं खुला। इसके बाद दक्ष दीवार फांदकर घर के पिछले हिस्से में पहुंचे। वहां जाली वाला दरवाजा और अंदर का दूसरा दरवाजा थोड़ा खुला मिला। दरवाजा धक्का देकर खोलने के बाद अंदर पहुंचे तो मां अंजू बेड पर बेहोश पड़ी थीं। पुराने कुक शिव और मेड अनु भी अचेत हालत में मिले। कुछ दिन पहले ही रखा कुक पुलिस जांच में सामने आया है कि हेमंत थापा को कुछ दिन पहले ही घर में कुक के तौर पर रखा गया था। बताया जा रहा है कि उसे किसी स्थानीय जानकार की सिफारिश पर नौकरी मिली थी। परिवार को बताया गया था कि हेमंत समझदार और भरोसेमंद व्यक्ति है। हालांकि, उसे काम पर रखने से पहले पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हेमंत को परिवार से किसने मिलवाया और किस व्यक्ति की सिफारिश पर उसे घर में रखा गया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी को पहले से घर की दिनचर्या और अंदर रखे कीमती सामान की जानकारी थी। पुराने कुक के रहते नया क्यों रखा पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि जब शिव कई वर्षों से घर में कुक का काम कर रहा था तो नया कुक रखने की जरूरत क्यों पड़ी। हेमंत को किसने सुझाया और घर में उसकी जिम्मेदारी क्या तय की गई थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को शक है कि आरोपी ने पहले घर की व्यवस्था और परिवार की दिनचर्या को समझा होगा। इसके बाद मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि वारदात में उसके साथ कोई दूसरा व्यक्ति शामिल था या नहीं। आरोपी के भागने का रास्ता तलाश रही पुलिस वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर-26 थाने का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे इंस्पेक्टर सतनाम सिंह, क्षेत्र के डीएसपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी घर से किस रास्ते से निकला। आसपास के कैमरों में किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या आरोपी के साथ मौजूद किसी अन्य व्यक्ति की गतिविधि भी तलाश की जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या हेमंत ने अकेले ही पूरी वारदात को अंजाम दिया या किसी अन्य व्यक्ति ने भी उसकी मदद की। घर के तीन लोगों को बेहोश करने के बाद सेफ और अलमारियों तक पहुंचना और फिर सामान लेकर फरार होना जांच का अहम हिस्सा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को घर में रखे नकदी और जेवरात की जानकारी पहले से थी या उसने वारदात के दौरान सामान तलाशा। कांग्रेस के मेयर उम्मीदवार थे बस्सी वारदात वाली कोठी कांग्रेस के दिवंगत पूर्व पार्षद मुकेश बस्सी की है। वह चंडीगढ़ नगर निगम के वार्ड नंबर-17 से पार्षद रहे थे। इस वार्ड में सेक्टर-18, 19 और 28 शामिल थे। मुकेश बस्सी स्थानीय राजनीति, व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे। वह चंडीगढ़ क्लब के अध्यक्ष भी रह चुके थे। वर्ष 2016 के नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें मेयर पद का उम्मीदवार बनाया था। उनका मुकाबला भाजपा के अरुण सूद से हुआ था। वर्ष 2021 में ब्रेन हैमरेज के कारण मुकेश बस्सी का निधन हो गया था। इसके बाद उनके दोनों बेटे परिवार का कारोबार संभाल रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *