Headlines

अखिलेश यादव का योगी सरकार पर निशाना:कानपुर देहात में बोले- एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का दावा करने वाले अब गौमूत्र बिकवा रहे




कानपुर देहात में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार शाम रसूलाबाद के पहाड़पुर गांव पहुंचकर रवेंद्र यादव के परिवार से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर किसान, गरीब, स्वास्थ्य, सड़क, मंडी, एआई और बेरोजगारी समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। ‘एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का दावा करने वाले अब गौमूत्र बिकवा रहे’ अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार के एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के दावे पर तंज कसते हुए कहा, “जो लोग एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की बात करते थे, वे अब गौमूत्र बिकवा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास गौमूत्र इकट्ठा हो गया हो तो उसे कट्टी में भरकर दे आएं, क्योंकि इसे 10 रुपये प्रति लीटर खरीदा जा रहा है। अखिलेश ने दावा किया कि उन्होंने खुद 200 लीटर गौमूत्र इकट्ठा कर लिया है और इसे लखनऊ की टीम को भेजेंगे, जिससे उन्हें 2 हजार रुपये मिल सकें। किसान और गरीब होंगे सपा सरकार की प्राथमिकता स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो किसान और गरीब उनकी प्राथमिकता में होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, मंडी और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने पर काम किया जाएगा। रसूलाबाद से झींझक तक बनी सड़क का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह सड़क नई तकनीक से बनाई गई थी। उस समय कुछ अधिकारियों ने निर्माण में बाधा डालने की कोशिश की थी, जिसके कारण उनके खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ी थी। अखिलेश ने दावा किया कि सड़क बनाने वाली कंपनी को बाद में देशभर में बड़े काम मिले और पुरानी होने के बावजूद इसकी राइडिंग क्वालिटी आज भी खराब नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस सड़क को तीन लेन से जोड़ा जाएगा। इसे आगरा एक्सप्रेसवे और भोगनीपुर-झांसी हाईवे से जोड़ने से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
‘मंडी का काम पूरा हुआ तो किसानों को मिलेगा उचित मूल्य’ अखिलेश यादव ने रसूलाबाद में मंडी निर्माण को अपनी दूसरी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि यहां मंडी का काम शुरू हुआ था, लेकिन बाद में रुक गया। मंडी का काम पूरा होने से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा। उन्होंने सरकार पर किसानों को फसलों का सही मूल्य नहीं देने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार मक्का का रेट नहीं दे पा रही है और कुछ दिन पहले आलू एक रुपये किलो बिक रहा था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद सरकार एक रुपये में आलू इसलिए बिकवा रही थी, क्योंकि उसे एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनानी थी और उसका एक से बहुत लगाव है। रसूलाबाद सीएचसी की लिफ्ट को लेकर सरकार पर सवाल अखिलेश यादव ने रसूलाबाद सीएचसी की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले उन्होंने सीएचसी की खराब लिफ्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। उस समय सरकार की ओर से कहा गया था कि अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं ठीक हैं, लेकिन आज भी लिफ्ट चालू नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि आज अस्पतालों को इलाज की जरूरत है। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली दूर करने की जरूरत है। ‘लैपटॉप बंद कर दिए, अब एआई की बात हो रही’ सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 100 नंबर की व्यवस्था खराब कर दी गई, एंबुलेंस सेवा खराब हो गई और जो लैपटॉप दिए गए थे, उन्हें भी बंद कर दिया गया। अब लाल किले से एआई की बातें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिना लैपटॉप के एआई कैसे आएगा और उसका इकोसिस्टम कहां है। अखिलेश ने कहा कि एआई लोगों की मदद कर सकता है। इससे बारिश की जानकारी, फसल में आने वाली समस्या और मौसम में बदलाव का अनुमान लगाया जा सकता है। लेकिन सरकार को किसानों की फसल की पैदावार का उचित मूल्य भी देना चाहिए। एआई के नाम पर लोगों को डराया और उलझाया नहीं जाना चाहिए। ‘इस बार सपा जीतने वाली है’ अखिलेश यादव ने दावा किया कि इस बार समाजवादी पार्टी चुनाव जीतने वाली है। उन्होंने कहा कि टिकट समीकरण के आधार पर दिए जाएंगे। बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब से बच्चों ने लोकतंत्र में अपनी आवाज उठानी शुरू की है, तब से बीजेपी के लोग घबरा गए हैं। जो सरकार बच्चों से घबरा जाए और 10 साल में अपने काम का कोई रिकॉर्ड बताने के लिए न हो, वह सरकार अब जाने वाली है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर किसान और गरीब प्राथमिकता में होंगे। सड़क, मंडी और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास के साथ किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए काम किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *