![]()
छतरपुर के बक्सवाहा थाना क्षेत्र के सेपुरा गांव से 15 अगस्त को पांच भैंसें गायब हो गईं। पशु मालिक रामा यादव के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने अपनी दो बड़ी और तीन छोटी भैंसों को धवा घाट पर पानी पिलाने के लिए छोड़ा था। इसके बाद भैंसें वापस नहीं लौटीं। भैंसों की तलाश के दौरान ग्रामीणों को पता चला कि कुछ लोग पिकअप वाहन में भैंसों को लादकर ले जा रहे हैं। रामा यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि ग्रामीणों ने जागारा नाला के पास संदिग्ध पिकअप का पीछा किया। चालक तेज रफ्तार से वाहन भगाकर ले गया। पिकअप के साथ कार भी दिखी ग्रामीणों ने पिकअप के साथ एक संदिग्ध कार भी देखी। कार का नंबर MP-04-C-07582 बताया गया है। ग्रामीणों ने उसका भी पीछा किया। बक्सवाहा के महाकाली मंदिर के पास कार सवार लोग बलेनो छोड़कर भाग गए। रामा यादव के अनुसार, कार में करीब पांच लोग और भैंसों को ले जाने वाले पिकअप में करीब दो लोग सवार थे। रात 3 बजे डायल-112 को सूचना रामा यादव ने 15 अगस्त की रात करीब 3 बजे डायल-112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम महाकाली मंदिर के पास पहुंची। वहां लावारिस हालत में मिली बलेनो कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कार को बक्सवाहा थाना परिसर में खड़ा करवा दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रामा यादव ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में पांच भैंसों की चोरी की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने बरामद कार के मालिक और चालक की पहचान कर पूछताछ करने की मांग भी की है। इसके अलावा भैंसों को ले जाने वाले पिकअप वाहन की तलाश, संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज की जांच और डायल-112 की कार्रवाई का रिकॉर्ड जांच में शामिल करने का अनुरोध किया है। रामा यादव के मुताबिक, ये भैंसें उनके परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने पुलिस से भैंसों को जल्द बरामद करने और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि महाकाली मंदिर के पास मिली बलेनो कार और पांच भैंसों के गायब होने की घटना के बीच क्या संबंध है।
Source link
5 भैंसें लेकर भागे बदमाशों का ग्रामीणों ने किया पीछा:छतरपुर में कार छोड़कर भागे आरोपी, पिकअप में ले गए मवेशी
