![]()
हरियाणा लोकभवन में रविवार को तीज का त्योहार पारंपरिक उल्लास और हरियाणवी संस्कृति के रंगों के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने सपरिवार अतिथियों का अभिनंदन किया। समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी सपरिवार शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। तीज उत्सव के दौरान लोकभवन का वातावरण हरियाणवी लोक परंपराओं, गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा। समारोह में हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीत, नृत्य और तीज से जुड़ी लोक प्रस्तुतियां देकर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। कार्यक्रम में हरियाणा की पारंपरिक वेशभूषा, लोक संगीत और रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिली।
महिलाओं ने झूले और पारंपरिक रस्मों का उठाया आनंद तीज पर्व के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष रूप से पारंपरिक झूलों और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। महिलाओं ने तीज के लोकगीत गाते हुए उत्सव का आनंद लिया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की संस्कृति अपनी जीवंत लोक परंपराओं और सामाजिक समरसता के लिए विशेष पहचान रखती है। पंजाब राज्यपाल ने शुभकामनाएं दीं
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भी तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीज जैसे पर्व भारतीय संस्कृति की विविधता, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं। समारोह में प्रदेश के कई कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन पारंपरिक उल्लास और तीज की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
अब देखिए कार्यक्रम की PHOTO…
Source link
हरियाणा लोकभवन में धूमधाम से मना तीज उत्सव:पंजाब-हरियाणा राज्यपाल को सीएम ने झुलाया झूला, पनिहार-कृषिमंत्री ने सीएम को झुलाया
