![]()
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टांगापानी (तुमडीकसा) में शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे ने अपनी मां के सिर पर बांस के डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान मां की मौत हो गई। मानपुर पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 12 अगस्त (हरेली पर्व) को हुई थी। परिवार के अन्य सदस्य खेत में पूजा करने गए थे। घर पर मौजूद आरोपी पुत्र रोहित कुमार नुरेटी (24) ने अपनी मां इद्रोतिन बाई नुरेटी (40) से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मां के मना करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने बांस के डंडे से मां के सिर पर कई वार किए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित किया परिजन जब खेत से वापस लौटे, तो इद्रोतिन बाई खाट पर गंभीर अवस्था में पड़ी थीं। उन्होंने इशारे से अपने पति अमित राम नुरेटी को घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट के कारण मौत होना पाया गया, जो हिंसात्मक प्रकृति की थी। मर्ग जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर मानपुर पुलिस ने आरोपी रोहित कुमार नुरेटी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन में, पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रविशंकर डहरिया, सहायक उप निरीक्षक गंगसाय किरंगे, प्रधान आरक्षक कार्तिक राम भुआर्य, आरक्षक संतोष कुमार ठाकुर और आरक्षक नरेंद्र ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link
शराब के लिए पैसे न देने पर मां की हत्या:मोहला-मानपुर में बेटे ने बांस के डंडे से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार
