![]()
भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज राजगीर आ रहे हैं। नालंदा विश्वविद्यालय के सुषमा स्वराज सभागार में आयोजित ‘इंटरेक्शन विद बीएलओ’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा समेत तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस कार्यक्रम में गयाजी, नवादा, जहानाबाद, शेखपुरा और नालंदा जिले के करीब 500 बूथ लेवल ऑफिसर शामिल होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त इन बीएलओ से सीधा संवाद करेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया में शिक्षा जगत की भूमिका और तकनीक के बेहतर उपयोग पर चर्चा करेंगे। हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे, खंडहर का करेंगे भ्रमण तय कार्यक्रम के अनुसार, ज्ञानेश कुमार हेलीकॉप्टर से सीधे नालंदा यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंचेंगे। सभागार में जाने से पहले वे वर्ल्ड हेरिटेज साइट प्राचीन विश्वविद्यालय के खंडहर और ह्वेनसांग मेमोरियल हॉल का भ्रमण करेंगे। इसके बाद वे संवाद कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। पटना में युवाओं के लिए लॉन्च करेंगे प्लेटफॉर्म मुख्य चुनाव आयुक्त अपने दो दिवसीय बिहार दौरे पर रविवार को ही पटना पहुंच चुके हैं। राजगीर का कार्यक्रम समाप्त करने के बाद वापस पटना के लिए रवाना होंगे। वहां ज्ञान भवन में छात्र-छात्राओं और युवाओं के बीच मतदान जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब’ और ‘ईसीआईनेट’ प्लेटफॉर्म को लॉन्च करेंगे। उच्च स्तरीय टीम है साथ इस महत्वपूर्ण दौरे पर मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ निर्वाचन आयोग का एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल भी मौजूद है। इसमें उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) सीमा खन्ना सहित आयोग के कई अन्य वरीय पदाधिकारी शामिल हैं।
Source link
आज राजगीर दौरे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार:5 जिलों के 500 बीएलओ से संवाद करेंगे, प्राचीन विश्वविद्यालय के खंडहर का भ्रमण करेंगे
